जोधपुर जिले की 6 नगर पालिकाओं में मतदान बुधवार काे
अंतिम प्रशिक्षण के बाद ईवीएम एवं आवश्यक निर्वाचन सामग्री के साथ रवाना हुई टीमें, 178 मतदान केंद्रों पर होगी वोटिंग
जोधपुर, 08 सितम्बर (हि.स.)। निकाय चुनाव के प्रथम चरण में नौ सितंबर को जोधपुर जिले की 6 नगर पालिकाओं बिलाड़ा, पिपाड़ सिटी, भोपालगढ़, बालेसर सत्ता, मथानिया और तिवंरी में बुधवार को वोटिंग होगी। इसे लेकर मतदान दलों को प्रशिक्षण देकर मंगलवार को रवाना किया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी (जिला कलक्टर), नगर पालिका चुनाव, जोधपुर आलोक रंजन ने बताया कि नगर निकाय आम चुनाव-2026 के तहत जोधपुर जिले की नगर पालिका बालेसर सत्ता, तिंवरी, बिलाड़ा, पीपाड़ शहर, मथानिया एवं भोपालगढ़ में 9 सितंबर को होने वाले मतदान के लिए नियुक्त मतदान दलों की रवानगी राजकीय महिला पॉलिटेक्निक महाविद्यालय जोधपुर से की गई। मतदान दलों को रवानगी से पूर्व अंतिम प्रशिक्षण प्रदान करने के साथ ईवीएम, अभिलेख एवं अन्य आवश्यक निर्वाचन सामग्री उपलब्ध करवाई गई।
संबंधित रिटर्निंग अधिकारी एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारी की टीम द्वारा वार्ड एवं मतदान केन्द्रवार मतदान दलों को निर्धारित बैठक व्यवस्था के अनुसार निर्वाचन सामग्री का वितरण किया गया। मतदान दलों के साथ में इनके सेक्टर मजिस्ट्रेट भी भेजे गए हैं। जो कि विशेष रूप से जो क्रिटिकल बूथ हैं उन पर नजर रखेंगे। उन्होंने बताया कि जिले की छह नगर पालिकाओं के कुल 178 मतदान केन्द्रों के लिए मतदान दालों का गठन किया गया है।
नगर पालिका भोपालगढ़ के 25 मतदान केन्द्रों के लिए कुल 28 मतदान दल गठित किए गए, जिनमें 25 सक्रिय एवं 3 आरक्षित दल हैं।नगर पालिका बिलाड़ा के 42 मतदान केन्द्रों के लिए कुल 47 दल गठित किए गए, जिनमें 42 सक्रिय एवं 5 आरक्षित दल हैं।इसी प्रकार नगर पालिका पीपाड़ शहर के 36 मतदान केन्द्रों के लिए कुल 40 मतदान दल गठित किए गए हैं, जिनमें 36 सक्रिय एवं 4 आरक्षित दल हैं।
नगर पालिका मथानिया के 25 मतदान केन्द्रों के लिए 28 दल गठित किए गए हैं, जिनमें 25 सक्रिय एवं 3 आरक्षित दल हैं। नगर पालिका बालेसर सत्ता के 25 मतदान केन्द्रों के लिए 28 मतदान दल गठित किए गए हैं, जिनमें 25 सक्रिय एवं 3 आरक्षित दल हैं। नगर पालिका तिंवरी के 25 मतदान केन्द्रों के लिए भी 28 मतदान दल गठित किए गए हैं, जिनमें 25 सक्रिय एवं 3 आरक्षित दल रखे गए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश