जेएनवीयू में स्टाइपेंड औद्योगिक प्रशिक्षण एवं रोजगार का अवसर

 


जोधपुर, 22 मई (हि.स.)। उच्च शिक्षा को रोजगारोन्मुख बनाने की दिशा में जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय के सायंकालीन अध्ययन संस्थान द्वारा वर्किंग स्टूडेंट्स के लिए विश्वविद्यालय अनुदान आयोग एवं राष्ट्रीय कौशल विकास निगम की नवीन योजना अप्रेंटिसशिप एम्बेडेड डिग्री प्रोग्राम के तहत बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विसेज एंड इंश्योरेंस पाठ्यक्रम प्रारम्भ किया गया है। इस रोजगारोन्मुखी कोर्स में प्रवेश प्रक्रिया आरम्भ हो चुकी है।

सायंकालीन अध्ययन संस्थान के निदेशक प्रोफेसर महेन्द्र कुमार सामरिया ने बताया कि इस पाठ्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक डिजिटल बैंकिंग, आधुनिक वित्तीय बाजार, जोखिम प्रबन्धन तथा बीमा क्षेत्र में रोजगार हेतु तैयार करना है। इस पाठ्यक्रम में विद्यार्थियों को दो वर्ष का अकादमिक अध्ययन के साथ तथा एक वर्ष का उद्योग आधारित व्यावहारिक प्रशिक्षण (इंटर्नशिप) मय स्टाइपेंड प्रदान किया जाएगा।

इस पाठ्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में बैंकिंग, वित्तीय संस्थानों एवं बीमा कम्पनियों की आधुनिक कार्यप्रणाली की व्यावहारिक समझ विकसित होगी, जिससे उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे। यूजीसी द्वारा प्रारम्भ किया गया यह कार्यक्रम नई शिक्षा नीति के अनुरूप तैयार किया गया है, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को डिग्री के साथ-साथ बैंकिंग संचालन, वित्तीय विश्लेषण, बीमा प्रबन्धन एवं फिनटेक जैसी उभरती प्रौद्योगिकियों में सैद्धान्तिक तथा व्यावहारिक रूप से सक्षम बनाकर रोजगार हेतु तैयार करना है।

भारत में आधुनिक डिजिटल बैंकिंग, फिनटेक, निवेश विश्लेषण एवं वित्तीय सेवाओं के क्षेत्र में तीव्र गति से नवाचार हो रहा है। ऐसी परिस्थितियों में यह पाठ्यक्रम विद्यार्थियों को तकनीकी कौशल एवं आधुनिक आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करेगा, जिससे वे डिग्री प्राप्त करने के तुरन्त बाद अपने करियर निर्माण में सक्षम हो सकेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश