सोलफुल क़व्वाली फेस्टिवल में होगा गंगा-जमुनी तहजीब का संगम

 


जयपुर, 22 मार्च (हि.स.)। भारत की गंगा-जमुनी तहजीब, आपसी भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द को समर्पित 'सोलफुल क़व्वाली फेस्टिवल' का आयोजन 24 और 25 मार्च को जयपुर के जवाहर कला केंद्र में किया जाएगा। यह आयोजन स्वागत जयपुर फाउंडेशन और नॉर्थ जोन कल्चरल सेंटर, पटियाला के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होगा। स्वागत जयपुर फाउंडेशन के अध्यक्ष इकबाल खान नियाजी ने बताया कि यह दो दिवसीय फेस्टिवल राजस्थान के प्रसिद्ध कव्वाल मुहम्मद सिद्दीक़ की याद में ईद के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है।

फेस्टिवल में अजमेर दरगाह के शाही कव्वाल मोहम्मद मुबीन, कोटा के मशहूर क़व्वाल हिफ्ज़ुर्रहमान हाकिमी और जयपुर के उस्ताद अनवार हुसैन नियाजी अपनी गायकी के जरिए सूफियाना कलाम पेश करेंगे, जो प्रेम, शांति और इंसानियत का संदेश देंगे। कार्यक्रम का आयोजन दोनों दिन शाम 6 बजे से किया जाएगा। इस सांस्कृतिक उत्सव में आमजन के लिए प्रवेश निःशुल्क रखा गया है, ताकि अधिक से अधिक लोग इसमें भाग लेकर सूफी संगीत की इस विरासत का आनंद ले सकें। यह फेस्टिवल न केवल संगीत प्रेमियों के लिए एक खास अवसर है, बल्कि समाज में आपसी सौहार्द, एकता और भाईचारे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल भी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश