जेके लक्ष्मी सीमेंट बना राजस्थान रॉयल्स का प्रिंसिपल स्पॉन्सर
जयपुर, 16 मार्च (हि.स.)। जेके लक्ष्मी सीमेंट ने आईपीएल 2026 सीज़न के लिए राजस्थान रॉयल्स के साथ प्रिंसिपल स्पॉन्सरशिप की घोषणा की है। इस साझेदारी के तहत कंपनी का लोगो टीम की मैच जर्सी के पीछे प्रमुख रूप से दिखाई देगा। साथ ही पूरे सीज़न के दौरान टीम के गियर, स्टेडियम ब्रांडिंग और मैच-डे के डिजिटल कंटेंट में भी ब्रांड की मौजूदगी रहेगी।
कंपनी ने बताया कि राजस्थान में लंबे समय से उसकी मजबूत उपस्थिति रही है। कारखानों, वितरण नेटवर्क और डीलर्स, ठेकेदारों तथा स्थानीय समुदायों के साथ जुड़े रिश्तों के कारण यह साझेदारी राज्य से जुड़े दो संगठनों को एक साथ लाती है।
कंपनी के डिप्टी मैनेजिंग डायरेक्टर श्रीवत्स सिंघानिया ने कहा कि राजस्थान हमेशा से कंपनी की पहचान और विकास का अहम हिस्सा रहा है और राजस्थान रॉयल्स के साथ यह साझेदारी उत्कृष्टता, प्रदर्शन और दीर्घकालिक सहयोग जैसे साझा मूल्यों को दर्शाती है।
वहीं कंपनी के प्रेसिडेंट एवं डायरेक्टर अरूण शुक्ला ने कहा कि इस साझेदारी के माध्यम से कंपनी घर बनाने वाले लोगों, ठेकेदारों, इंजीनियरों, राजमिस्त्रियों और डीलर्स के साथ अपने संबंधों को और मजबूत करना चाहती है।
राजस्थान रॉयल्स के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर आलोक चित्रे ने कहा कि राजस्थान के प्रमुख ब्रांड का टीम से जुड़ना गर्व की बात है और इससे प्रशंसकों तथा समुदायों के साथ जुड़ाव और मजबूत होगा। कंपनी का मानना है कि इस तरह की रणनीतिक साझेदारियाँ ब्रांड को नए लोगों तक पहुँचाने और जिन बाजारों में वह काम करता है, वहां अपनी दीर्घकालिक प्रतिबद्धता को मजबूत करने में मदद करती हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश