जेईसीसी में 1 से 3 अगस्त तक होगा देश का सबसे बड़ा कैटरिंग सम्मेलन
जयपुर, 30 जुलाई (हि.स.)। फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया कैटरर्स (एफएआईसी) की ओर से 6वां एफएआईसी राष्ट्रीय अधिवेशन एवं प्रदर्शनी 'केटरकॉन इंडिया-2026' का आयोजन 1 से 3 अगस्त तक जयपुर एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (जेईसीसी) में होगा। सम्मेलन का उद्घाटन मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी करेंगे।
एफएआईसी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेंद्र सोमानी ने बताया कि सम्मेलन में देशभर से 3 हजार से अधिक कैटरिंग एवं हॉस्पिटैलिटी प्रोफेशनल्स, उद्यमी, सप्लायर्स और उद्योग विशेषज्ञ भाग लेंगे। वहीं प्रदर्शनी में 500 से अधिक प्रदर्शक कमर्शियल किचन उपकरण, खाद्य उत्पाद, पैकेजिंग, सॉफ्टवेयर और आधुनिक तकनीक का प्रदर्शन करेंगे। आयोजन में 25 हजार से अधिक व्यापारिक आगंतुकों के पहुंचने की संभावना है।
सम्मेलन में पहली बार एफएआईसी अवॉर्ड्स-2026 के तहत 18 राज्यों की 16-16 श्रेणियों में उत्कृष्ट कैटरर्स को सम्मानित किया जाएगा। राज्यसभा सांसद सतीश पूनिया पुरस्कार प्रदान करेंगे। कार्यक्रम के दौरान मोटिवेशनल स्पीकर डॉ. विवेक बिंद्रा उद्यमिता और नेतृत्व पर विशेष संबोधन देंगे, जबकि फूड सेफ्टी विशेषज्ञ डॉ. वी. पसुपति एफएसएसएआई, आईएसओ-22000, एचएसीसीपी, जीएमपी और जीएचपी जैसे विषयों पर तकनीकी सत्र लेंगे।
एफएआईसी के मानद वरिष्ठ महासचिव किरीट बुधदेव ने बताया कि सम्मेलन में सेमिनार, तकनीकी कार्यशालाएं, बिजनेस नेटवर्किंग, पैनल चर्चा, लाइव कुकिंग, उत्पाद लॉन्च और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। आयोजन की मेजबानी कर रहे एफएआईसी के उपाध्यक्ष सुनील सोनखिया ने कहा कि जयपुर की मेहमाननवाजी और व्यावसायिक उत्कृष्टता का अनुभव देशभर से आने वाले प्रतिनिधियों को मिलेगा।
एफएआईसी के अनुसार यह आयोजन भारतीय कैटरिंग एवं फूड सर्विस उद्योग का सबसे बड़ा मंच होगा, जहां नवाचार, गुणवत्ता, व्यापारिक सहयोग और उद्योग के भविष्य पर व्यापक मंथन किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश