जेडीसी ने नागरिक सेवा केन्द्र पहुंचकर शहरी सेवा शिविर की व्यवस्थाओं का लिया जायजा

 


जयपुर, 12 जून (हि.स.)। राज्य सरकार द्वारा 12 जून से 15 जुलाई तक शहरी सेवा शिविर–2026 आयोजित किए जा रहे हैं । इसी कड़ी में जयपुर विकास प्राधिकरण द्वारा आयोजित शिविर की तैयारियों का शुक्रवार को जेडीसी सिद्धार्थ महाजन ने नागरिक सेवा केन्द्र पहुंचकर विस्तृत निरीक्षण किया।

इस दौरान विकास आयुक्त ने नागरिक सेवा केन्द्र में आमजन के लिए विकसित किए गए प्रतीक्षालय, टोकन व्यवस्था, आवेदन पंजीकरण प्रक्रिया, अभिलेख संधारण एवं प्रकरणों की सुनवाई संबंधी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों से शिविरों में आने वाले आवेदकों को सरल, सुगम एवं पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए ताकि प्रत्येक नागरिक को समयबद्ध राहत मिल सके।

निरीक्षण के दौरान जोन उपायुक्तों द्वारा जेडीसी को शिविर संचालन की तैयारियों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने ई-फाइलिंग प्रक्रिया, प्रकरणों के ऑनलाइन अग्रेषण की व्यवस्था तथा नागरिक सेवा केन्द्र में उपलब्ध विभिन्न सेवाओं की कार्यप्रणाली से भी अवगत कराया। जेडीसी ने ई-मित्र काउंटर का भी निरीक्षण कर आमजन को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त आयुक्त प्रशासन प्रियाबलराम शर्मा, जोन उपायुक्त प्रशासन व स्टोर सहित वरि. अधिकारीगण उपस्थित रहे। महाजन ने जोनवार आयोजित किए जा रहे शहरी सेवा शिविरों की समीक्षा करते हुए विभिन्न जोनों के अधिकारियों से पट्टा वितरण, लंबित आवेदनों, नामांतरण, लीज, भवन निर्माण स्वीकृति एवं अन्य प्रकरणों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि शिविर अवधि में प्राप्त होने वाले प्रत्येक आवेदन का प्राथमिकता से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलम्ब न होने पाए।

उन्होंने अधिकारियों से यह भी जानकारी प्राप्त की कि प्रतिदिन कितने आवेदन प्राप्त हो रहे हैं तथा तैयार पट्टों का वितरण किस गति से किया जा रहा है। जेडीसी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पट्टा प्राप्ति से संबंधित आवेदन प्राप्त होते ही नियमानुसार त्वरित कार्रवाई कर आवेदकों को शीघ्र राहत प्रदान की जाए। साथ ही सभी जोन उपायुक्तों से तैयार पट्टों एवं लंबित प्रकरणों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई।

उल्लेखनीय है कि शहरी सेवा शिविर–2026 के अंतर्गत 12 जून, 2026 शुक्रवार को जोन 8, 14, 16 एवं 17 के लिए शिविर आयोजित किए गए। वहीं 15 जून 2026 को जोन C, 12, 23 एवं 24 के नागरिकों के लिए शिविर आयोजित किए जाएंगे।

विभिन्न ज़ोन में शुक्रवार को आयोजित शिविरों में आवेदनों का निस्तारण :

जोन 8 : 18 पट्टे, 15 नाम हस्तांतरण, 5 उपविभाजन/पुनर्गठन, 1 खांचा भूमि

जोन 14 : 80 पट्टे, 3 नाम हस्तांतरण, 2 उपविभाजन/पुनर्गठन

जोन 16 : 02 पट्टे, 02 उपविभाजन/पुनर्गठन

जोन 17 : 07 पट्टे, 04 कब्जा पत्र, 05 नाम हस्तांतरण

शिविरों में भू-प्रबंधन, लीज, नामांतरण, पट्टा, आवंटन, भवन निर्माण स्वीकृति, राजस्व वसूली, संस्थागत एवं आवासीय प्रकरणों सहित विभिन्न नागरिक सेवाओं से संबंधित मामलों का प्राथमिकता से निस्तारण किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश