हिंगोनिया गोशाला की करोड़ों रुपए की सरकारी भूमि से जेडीए ने हटाए अवैध निर्माण
जयपुर, 08 अप्रैल (हि.स.)। जेडीए की प्रवर्तन शाखा द्वारा विभिन्न जोनों में अतिक्रमण हटाने एवं अवैध निर्माणों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
उप महानिरीक्षक पुलिस आनंद शर्मा ने बताया कि जोन-24 में स्थित भटेसरी ग्राम सिंदोली बस्सी में हिगोनिया गोशाला की सरकारी भूमि पर बांस-तम्बू, तिरपाल, झुग्गी-झोपडिय़ां, टीनशेडनुमा कमरे एवं अन्य अस्थायी निर्माण हटा कर सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त करवाया गया। जोन-09 में शांति कॉलोनी, सांगानेर में रोड सीमा पर बनाए गए चबूतरों को हटवा कर सड़क सीमा को अतिक्रमण मुक्त करवाया गया। जोन-11 में मुहाना मण्डी के सामने से लक्की ढाबा के सामने तक सड़क सीमाओं पर लगाए गए टीनशेड, ठेलें, थडिय़ां, बांस-तम्बू, तिरपाल, काउंटर, टेबल-कुर्सियां, होर्डिंग एवं साइन बोर्ड आदि को नगर निगम के साथ संयुक्त अभियान चलाकर हटाया गया। इसी प्रकार जोन-01 में टोंक रोड स्थित खसरा नंबर 307, दूगड़ गार्डन पर बनी बिल्डिंग की 9वीं मंजिल के ऊपर के अवैध रूप से निर्मित रेस्टोरेंट को ध्वस्त किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश