जयपुर के 24 प्रमुख चौराहों पर लगेगा आईपी आधारित पब्लिक एड्रेस सिस्टम, आठ स्थानों से संचालन शुरू

 




जयपुर, 15 जुलाई (हि.स.)। जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने शहर में आधुनिक यातायात प्रबंधन और जनसंचार व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए 24 प्रमुख स्थानों पर आईपी आधारित पब्लिक एड्रेस सिस्टम स्थापित करने की योजना शुरू की है। प्रथम चरण में आठ स्थानों पर यह प्रणाली स्थापित कर बुधवार से इसका संचालन प्रारंभ कर दिया गया है।

जयपुर विकास आयुक्त सिद्धार्थ महाजन ने बताया कि इन स्थानों का चयन जयपुर नगर निगम और यातायात पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर किया गया है। संपूर्ण प्रणाली का संचालन अभय कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से केंद्रीकृत रूप से किया जाएगा, जिससे शहरभर में त्वरित एवं प्रभावी सार्वजनिक सूचनाओं का प्रसारण संभव होगा। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में त्रिमूर्ति सर्किल, रामबाग चौराहा, जगतपुरा स्थित सात नंबर बस स्टैंड, सोफिया स्कूल घाटगेट, श्री पिंजरापोल गौशाला, जवाहर सर्किल (जेएलएन मार्ग), एसएमएस मेडिकल कॉलेज के सामने तथा नगर निगम परिसर में पब्लिक एड्रेस सिस्टम स्थापित कर संचालन शुरू कर दिया गया है। शेष स्थानों पर भी शीघ्र ही यह सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

इस प्रणाली के माध्यम से यातायात जाम, मार्ग परिवर्तन, आपातकालीन परिस्थितियों तथा अन्य यातायात संबंधी सूचनाएं आमजन तक रीयल-टाइम में पहुंचाई जा सकेंगी। इसके अलावा सड़क सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, जनकल्याणकारी योजनाओं और सूचना, शिक्षा एवं संचार (आईईसी) गतिविधियों का व्यापक प्रचार-प्रसार भी इसी माध्यम से किया जाएगा।

जेडीसी ने कहा कि यह पहल स्मार्ट सिटी अवसंरचना का प्रभावी उपयोग करते हुए नागरिक सेवाओं को अधिक सशक्त बनाने, सार्वजनिक सुरक्षा बढ़ाने तथा शहर में एकीकृत डिजिटल संचार प्रणाली विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से आमजन तक समय पर और विश्वसनीय सूचना पहुंचाना जेडीए की प्राथमिकता है। यह प्रणाली यातायात प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाने के साथ-साथ आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सूचना प्रसारण का सशक्त माध्यम बनेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश