जेडीए ने 20 करोड़ रुपये की छह बीघा सरकारी जमीन को करवाया अतिक्रमण मुक्त
जयपुर, 17 मार्च (हि.स.)। जयपुर विकास प्राधिकरण के प्रवर्तन दस्ते द्वारा मंगलवार को गोनेर मे रिंग रोड के पास में करीब 6 बीघा सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त करवाया गया।
उप महानिरीक्षक पुलिस आनंद शर्मा ने बताया कि जोन-14 में स्थित ग्राम गोनेर, रिंग रोड के पास में ग्रुफ हाउसिंग योजना की करीब 6 बीघा बेशकीमती सरकारी भूमि पर खानाबदोश लोगो के द्वारा करीब 11 स्थानों पर झुग्गी-झोपडियां, छप्परपोश, बांस तम्बु तिरपाल, 2 पक्के मकान टीनशेड ,झाडियां, कांटों की बाड़ लगाकर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। उक्त अतिक्रमण मुक्त भूमि की अनुमानित कीमत करीब 20 करोड़ रुपए से अधिक है। जेडीए द्वारा जोन-14 में स्थित ग्राम गोनेर में करीब 3 बीघा निजी खातेदारी भूमि पर बनाई गई मिटटी-ग्रेवल सडकें निर्माणाधीन प्लाटों की बाउण्ड्रीवाल,पिल्लर सहित अन्य अवैध निर्माण हटाकर अवैध कॉलोनी बसाने के प्रयास को विफल किया गया। इसी प्रकार जोन-09 टोक रोड इण्डिया गेट के पास रोड सीमा पर अत्यधिक लम्बाई मेें दुकानों, मकानों के आगे लगाए गए टीनशेड, थडियां, ठेलें, बांस-तम्बू, तिरपाल, काउण्टर, टेबल कुर्सियां, होर्डिंग, साइन बोर्ड इत्यादि लगाकर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। जोन-11 व 8 में मुहाना मण्डी के पास दोनो तरफ रोड सीमा पर पुरानी जर्जर गाडियां, गाडियों का कबाड, लोहे के ऐंगल टयूब-टायर अन्य सामान डालकर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश