जेडीए द्रव्यवती नदी पर बना रहा छह कल्वर्ट व पुलियाएं, आमजन का आवागमन हाेगा सुगम

 


जयपुर, 01 अक्टूबर (हि.स.)। जयपुर शहर में नागरिक सुविधाओं के विस्तार और बेहतर आवागमन की दिशा में लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। जयपुर विकास प्राधिकरण द्वारा द्रव्यवती नदी परियोजना के तहत विभिन्न स्थानों पर पुलिया एवं कल्वर्ट निर्माण के कार्य करवाए जा रहे हैं। इन कार्यों से आसपास के आवासीय क्षेत्रों और प्रमुख सड़कों के बीच संपर्क बेहतर होगा तथा स्थानीय आवागमन में सुविधा मिलेगी।

जेडीसी सिद्धार्थ महाजन ने बताया कि द्रव्यवती नदी परियोजना के तहत स्थानीय जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न स्थानों पर पुलिया एवं कल्वर्ट विकसित किए जा रहे हैं। इन कार्यों से शहर के कई क्षेत्रों को प्रमुख मार्गों से सीधा और सुगम संपर्क मिल सकेगा।

उन्होंने बताया कि जनपथ एवं आदर्श मार्केट क्षेत्र के पास कटेवा नगर पुलिया का निर्माण कार्य किया जा रहा है। इससे गांधी नगर सहित आसपास के क्षेत्रों को न्यू सांगानेर रोड एवं पंडित टी.एन. मिश्रा मार्ग से बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। इस कार्य की लागत 719.72 लाख रुपये है।

इसी प्रकार सनी ट्रेड सेंटर पुलिया के निर्माण से गुर्जर की थड़ी, प्रेम नगर एवं शांति नगर क्षेत्र को न्यू सांगानेर रोड और शिप्रा पथ से बेहतर संपर्क मिलेगा। देवरी एसटीपी पुलिया के निर्माण से जगन्नाथपुरी, बृहस्पति धाम एवं दुर्गापुरा क्षेत्र के लोगों को शिप्रा पथ एवं महारानी फार्म रोड से आवागमन में सुविधा होगी। देवरी एसटीपी पुलिया का कार्य 09 जून से प्रारम्भ किया गया है, जिसकी लागत 680.98 लाख रुपये है।

सांगानेर क्षेत्र में रीको एसटीपी पुलिया का निर्माण भी किया जा रहा है। इससे कुंदन नगर, आशीष नगर एवं जैन विहार सहित आसपास के क्षेत्रों को सांगानेर रोड से बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।

इसी क्रम में ज्ञान आश्रम पुलिया का निर्माण शिप्रा पथ से गुर्जर की थड़ी क्षेत्र के बीच स्थानीय आवागमन को सुगम बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। इसका कार्य 13 अगस्त से प्रारम्भ किया गया। कार्य की लागत 866.72 लाख रुपये है।

जेडीसी सिद्धार्थ महाजन ने बताया कि इन पुलिया एवं कल्वर्ट के निर्माण से द्रव्यवती नदी के दोनों ओर बसे क्षेत्रों के बीच स्थानीय आवागमन आसान होगा। जेडीए द्वारा क्षेत्र की आवश्यकता और यातायात की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ऐसे कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश