जेडीए ने मेट्रो को नॉन फेयर रेवेन्यू गतिविधियों के लिए आवंटित की 17 हेक्टेयर भूमि

 


जयपुर, 27 मार्च (हि.स.)। जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) की भूमि एवं संपत्ति निस्तारण समिति की 220वीं बैठक में शहर के समग्र विकास, सार्वजनिक परिवहन के विस्तार और आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

आयुक्त सिद्धार्थ महाजन की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जयपुर मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड को नॉन-फेयर रेवेन्यू गतिविधियों के लिए ग्राम मानपुरा (तहसील मौजमाबाद) में 7.45 हेक्टेयर तथा ग्राम भोजपुरा (तहसील फागी) में 10.0529 हेक्टेयर भूमि आवंटित करने का निर्णय लिया गया। यह निर्णय मेट्रो परियोजना को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में मदद करेगी । इसके अतिरिक्त, शहर में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड को 33/11 केवी जीएसएस के निर्माण के लिए ग्राम चकवाड़ा (तहसील फागी) में 1000 वर्गमीटर भूमि आवंटन को भी मंजूरी प्रदान की गई। इन फैसलों से जयपुर में विद्युत अवसंरचना के सुदृढ़ीकरण और शहरी सुविधाओं के व्यापक विकास को रफ़्तार मिलेगी । बैठक में सचिव निशांत जैन, अतिरिक्त आयुक्त डॉ प्रिया बलराम, उप आयुक्त दिग्गज चांगल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश