असंतुलित जेसीबी ने चबूतरे पर बैठे लोगों को मारी टक्कर, एक की मौत, तीन घायल
चित्तौड़गढ़, 25 मई (हि.स.)। कपासन थाना क्षेत्र के भट्टों का बामणिया गांव में सोमवार दोपहर करीब 12.30 बजे एक असंतुलित जेसीबी ने पंचायत भवन के बाहर चबूतरे पर बैठे लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। टक्कर के बाद जेसीबी एक दुकान में घुस गई, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया।
कपासन सीआई सुनील शर्मा ने बताया कि थाने पर सूचना मिली कि भट्टों का बामणिया में जेसीबी से हादसा हुआ है। पुलिस जाब्ता तुरंत मौके और कपासन चिकित्सालय पहुंचा। जांच में सामने आया कि जेसीबी असंतुलित होकर लोगों से टकराई और फिर दुकान में जा घुसी। इधर, नाथूसिंह पुत्र मनोहरसिंह राजपूत निवासी भट्टों का बामणिया ने रिपोर्ट दी कि उसका छोटा भाई जुझार सिंह (45) गांव के श्यामसिंह, मांगीलाल कुमावत, शंकरलाल बुनकर सहित दो-तीन अन्य लोगों के साथ पुराने पंचायत भवन के बाहर चबूतरे पर बैठा था। तभी असंतुलित होकर आई जेसीबी ने टक्कर मार दी। जेसीबी के बकेट से जुझार सिंह सहित अन्य को गंभीर चोटें आईं। सभी को कपासन चिकित्सालय लाया गया, जहां डॉक्टरों ने जुझार सिंह को मृत घोषित कर दिया। तीन घायलों को अस्पताल में भर्ती किया गया है। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा कर पोस्टमार्टम की कार्यवाही शुरू कर दी है।पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर जेसीबी जब्त कर ली है। चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। प्रारंभिक जांच में नाबालिग के जेसीबी चलाने की बात सामने आई है। सीआई सुनील शर्मा ने कहा कि पोस्टमार्टम और जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि जेसीबी कौन चला रहा था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अखिल