जेसीबी के बकेट में दुल्हन को घर लाया दूल्हा, अनोखी विदाई बनी चर्चा का विषय
उदयपुर, 10 मई (हि.स.)। उदयपुर जिले के झाड़ोल क्षेत्र में एक अनोखी शादी और विदाई इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। यहां एक दूल्हा अपनी दुल्हन को कार या घोड़ी से नहीं, बल्कि जेसीबी मशीन के बकेट में बैठाकर घर लेकर पहुंचा। इस अनोखे दृश्य को देखकर ग्रामीण और राहगीर हैरान रह गए। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार मोहम्मद फलासिया क्षेत्र के रूपलाल डूंगरी की शादी 6 मई को कोल्यारी के ढाला गांव में संपन्न हुई थी। शादी के बाद विदाई के समय रूपलाल ने अपने पहले से बनाए गए इस विशेष सरप्राइज प्लान को पूरा किया। दुल्हन को जेसीबी के बकेट में खड़ा कर वह पूरे गांव के बीच से अपने घर तक लेकर आया। इस दौरान आसपास बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए और लोगों ने इस अनोखी विदाई को मोबाइल कैमरों में कैद किया।
रूपलाल पेशे से जेसीबी चालक है। उसने बताया कि वह लंबे समय से सपना देख रहा था कि अपनी दुल्हन को जेसीबी में बैठाकर घर लाएगा। शादी के मौके पर उसने अपने इस सपने को हकीकत में बदल दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में इस तरह की विदाई पहली बार देखने को मिली है। शादी का यह अलग अंदाज अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। सोशल मीडिया पर भी लोग इस अनोखी बारात और विदाई को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता