जवाहर कला केंद्र में जूनियर समर कैंप 16 मई से: बच्चों को कला की मिलेगी प्रशिक्षण

 




जयपुर, 05 मई (हि.स.)। जवाहर कला केंद्र की ओर से जूनियर समर कैंप-2026 का आयोजन 16 मई से 20 जून तक किया जाएगा। 8 से 17 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए आयोजित इस कैंप का उद्देश्य उनकी रचनात्मक प्रतिभा को निखारना और कला, साहित्य व संस्कृति की विभिन्न विधाओं से जोड़ना है।

कैंप के तहत संगीत, नृत्य, नाट्य, दृश्य कला और साहित्य की विभिन्न विधाओं में प्रशिक्षण दिया जाएगा। संगीत एवं नृत्य में गायन, बांसुरी, तबला, गिटार, वॉयलिन, सिंथेसाइजर/पियानो, राजस्थानी वाद्ययंत्र, लोक नृत्य, कथक और कंटेम्परेरी डांस शामिल हैं। कक्षाएं प्रतिदिन सुबह 8 से 11 बजे तक तथा कंटेम्परेरी डांस की कक्षाएं शाम 4 से 6 बजे तक आयोजित होंगी।

नाट्य कला की 30 दिवसीय कार्यशाला भी सुबह 8 से 11 बजे तक होगी, जिसमें अभिनय, संवाद-अभिव्यक्ति, बॉडी लैंग्वेज और मंच संचालन का प्रशिक्षण दिया जाएगा। वहीं दृश्य कला व साहित्य के अंतर्गत फड़ मेकिंग, डूडल आर्ट, लिपन आर्ट, फोटोग्राफी, मधुबनी व पोट्रेट आर्ट (27 दिन), तथा कैलिग्राफी, विजुअल स्टोरी टेलिंग और स्टोरी मेकिंग (21 दिन) की कार्यशालाएं होंगी। 5 से 10 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए स्टोरी ट्री, कहानी और कविता वाचन की 17 दिवसीय कार्यशालाएं भी शाम 4 से 6 बजे तक आयोजित की जाएंगी।

कैंप में बच्चों के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति और टीमवर्क पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इस कैंप से जुड़े कई प्रतिभागी आज फिल्म, थिएटर, संगीत, कोरियोग्राफी और क्रिएटिव राइटिंग जैसे क्षेत्रों में अपनी पहचान बना चुके हैं।

समर कैंप में विभिन्न पाठ्यक्रमों का शुल्क 1000 से 1500 रुपए निर्धारित किया गया है। प्रवेश ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर सीमित रहेगा। इच्छुक प्रतिभागी 6 मई सुबह 10 बजे से 9 मई शाम 4 बजे तक ऑफलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के साथ जन्म प्रमाण-पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो और आधार कार्ड संलग्न करना अनिवार्य होगा। इसके अलावा केंद्र ने कैंप के लिए प्रशिक्षकों, संगतकारों और सहायकों से भी आवेदन आमंत्रित किए हैं। आवेदन 6 से 8 मई तक निर्धारित समय में जमा किए जा सकेंगे। चयन इंटरव्यू के माध्यम से होगा, जो 9 से 12 मई तक विभिन्न विधाओं के लिए आयोजित किए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश