जवाहर कला केंद्र में 21 अगस्त से सजेगा फोटो और पेंटिंग महाकुंभ

 


जयपुर, 17 जुलाई (हि.स.)। राजस्थान फोटो फेस्टिवल के तहत जवाहर कला केंद्र की सहभागिता में नज़र फोटो और पेंटिंग एग्जीबिशन के पांचवें सीजन का आयोजन 21 से 23 अगस्त तक किया जाएगा। वर्ल्ड फोटोग्राफी डे के अवसर पर आयोजित होने वाले इस तीन दिवसीय महोत्सव के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू हो गए हैं, जो 30 जुलाई तक खुले रहेंगे।

एग्जीबिशन की संरक्षक रेणुका कुमावत ने बताया कि यह जयपुर का सबसे बड़ा फोटोग्राफी महाकुंभ होगा। जिसमें फोटोग्राफी के साथ-साथ पेंटिंग्स भी प्रदर्शित की जाएंगी। एग्जीबिशन में राजस्थान सहित देश-विदेश के फोटोग्राफर और कलाकार भाग लेंगे।

इस कार्यक्रम में राजस्थान की कई जानी-मानी हस्तियों की सहभागिता भी रहेगी। इसके अलावा प्रशासनिक अधिकारी अपनी तस्वीरें और पेंटिंग्स प्रदर्शित करेंगे। एग्जीबिशन में जयपुर और राजस्थान के फोटोजर्नलिस्ट, वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफर, डॉक्टर, छात्र फोटोग्राफर तथा पेंटिंग आर्टिस्ट भी अपनी कृतियां प्रस्तुत करेंगे।

रेणुका कुमावत ने बताया कि आयोजन में देश-विदेश की आकर्षक तस्वीरें और पेंटिंग्स देखने को मिलेंगी। उन्होंने कहा कि यह ऐसा मंच है जहां फोटोग्राफर, फोटोजर्नलिस्ट और पेंटिंग आर्टिस्ट एक साथ अपनी कला का प्रदर्शन कर सकेंगे। आयोजकों ने बताया कि फोटोग्राफी और पेंटिंग श्रेणियों में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागी 30 जुलाई तक रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश