जवाहर सर्किल में विकसित होंगे रोज गार्डन, आधुनिक नर्सरी और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स

 


जयपुर, 02 अगस्त (हि.स.)। राज्य सरकार के 'हरियालो राजस्थान' अभियान के तहत जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) जवाहर सर्किल में रोज गार्डन, आधुनिक नर्सरी और अत्याधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित करेगा। इन परियोजनाओं के लिए निविदाएं जारी कर दी गई हैं।

जयपुर विकास आयुक्त सिद्धार्थ महाजन ने बताया कि करीब 4,000 वर्गमीटर क्षेत्र में रोज गार्डन विकसित किया जाएगा, जिसमें 4,000 गुलाब लगाए जाएंगे। इनमें 3,000 विभिन्न रंगों के ग्राफ्टेड (मल्टीकलर) गुलाब तथा 1,000 देशी गंगानगर गुलाब शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि यह रोज गार्डन शहरवासियों और पर्यटकों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनेगा तथा जवाहर सर्किल की प्राकृतिक सुंदरता में वृद्धि करेगा। उन्होंने बताया कि इसी परिसर में 4,000 वर्गमीटर क्षेत्र में आधुनिक नर्सरी भी विकसित की जाएगी। इसमें 32 प्रजातियों के लगभग 3,000 पौधे लगाए जाएंगे, जिनमें 2,000 सजावटी और 1,000 फलदार पौधे शामिल होंगे। नर्सरी का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण पौधों का संरक्षण, संवर्धन तथा शहर के हरित क्षेत्र का विस्तार करना है।

महाजन ने बताया कि जवाहर सर्किल में अत्याधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स भी विकसित किया जाएगा। इसमें विभिन्न खेलों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे युवाओं और उभरती खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच मिलेगा। साथ ही शहरवासियों को खेल एवं फिटनेस की उन्नत सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि जेडीए शहर में हरित आवरण बढ़ाने, जैव विविधता को प्रोत्साहित करने और नागरिकों को बेहतर पर्यावरण उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। जवाहर सर्किल में प्रस्तावित रोज गार्डन और आधुनिक नर्सरी पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ शहर की सुंदरता और पर्यटन को भी नई पहचान देंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश