जापान के कोफू शहर के मेयर युइची हिगुची पहुंचे जयपुर, पूर्व महापौर ने किया स्वागम
जयपुर, 23 अगस्त (हि.स.)। जापान के यामानाशी प्रीफेक्चर की राजधानी कोफू शहर के मेयर युइची हिगुची के जयपुर आगमन पर शनिवार को पूर्व महापौर डॉ. सौम्या गुर्जर ने उनसे आत्मीय एवं सौहार्दपूर्ण मुलाकात की। इस दौरान भारत-जापान मैत्री, सांस्कृतिक आदान-प्रदान, पर्यटन तथा जयपुर और कोफू के बीच भविष्य में सहयोग की संभावनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
जयपुर और कोफू में कई समानताएं
मेयर युइची हिगुची ने जयपुर की अपनी यात्रा के अनुभव साझा करते हुए कहा कि कोफू और जयपुर में कई समानताएं हैं। उन्होंने बताया कि कोफू भी प्राकृतिक सौंदर्य के बीच बसा हुआ शहर है और यहां के लोगों का प्रकृति से गहरा जुड़ाव है। उन्होंने जयपुर की प्राकृतिक सुंदरता, ऐतिहासिक विरासत और जीवंत संस्कृति की सराहना की।
ज्वेलरी के क्षेत्र में कोफू की खास पहचान
मेयर हिगुची ने बताया कि कोफू शहर जापान में ज्वेलरी और आभूषण निर्माण के लिए विशेष पहचान रखता है। उन्होंने कोफू की इस विशेषता के बारे में जानकारी साझा करते हुए जयपुर के प्रसिद्ध आभूषण एवं हस्तशिल्प उद्योग से इसकी समानता की ओर भी ध्यान आकर्षित किया। दोनों शहरों की इस साझा विशेषता के चलते भविष्य में ज्वेलरी, हस्तशिल्प और व्यापार के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।
जयपुर की संस्कृति और मेहमाननवाजी की सराहना
मेयर युइची हिगुची ने जयपुर की समृद्ध संस्कृति, ऐतिहासिक विरासत और यहां की अतिथि देवो भवः की परंपरा एवं मेहमाननवाजी की प्रशंसा की। उन्होंने जयपुर की जीवंत संस्कृति और लोगों के आत्मीय व्यवहार को विशेष रूप से सराहा।
डॉ. सौम्या गुर्जर ने बताई जयपुर की गौरवशाली विरासत
डॉ. सौम्या गुर्जर ने मेयर हिगुची का स्वागत करते हुए उन्हें जयपुर की समृद्ध संस्कृति, सभ्यता, कला, स्थापत्य, परंपराओं और गौरवशाली विरासत के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि जयपुर अपनी ऐतिहासिक धरोहरों के साथ-साथ आभूषण, हस्तशिल्प, कला और पर्यटन के क्षेत्र में भी विश्वभर में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है।
मोदी जी के नेतृत्व में मजबूत हो रहे भारत-जापान संबंध
डॉ. सौम्या गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत और जापान के संबंध निरंतर मजबूत हो रहे हैं। दोनों देशों के बीच केवल राजनीतिक और आर्थिक संबंध ही नहीं, बल्कि संस्कृति, विचार, तकनीक, पर्यटन और व्यापार के क्षेत्र में भी सहयोग लगातार बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के संवाद लोगों से लोगों के बीच संबंधों को मजबूत करने के साथ-साथ जयपुर और कोफू जैसे शहरों के बीच सहयोग की नई संभावनाओं को जन्म देते हैं।
जयपुर–कोफू के बीच सहयोग की नई संभावनाएं
मुलाकात के दौरान दोनों पक्षों ने जयपुर और कोफू के बीच सांस्कृतिक, पर्यटन, ज्वेलरी एवं व्यापारिक सहयोग को आगे बढ़ाने की संभावनाओं पर सकारात्मक चर्चा की। दोनों शहरों की समानताओं और विशिष्टताओं को देखते हुए भविष्य में आपसी अनुभवों एवं विशेषज्ञता के आदान-प्रदान की संभावनाओं पर भी विचार किया गया।
यह मुलाकात भारत-जापान की मजबूत होती मैत्री और जयपुर–कोफू के बीच भविष्य में विकसित होने वाले संबंधों की दिशा में एक सकारात्मक कदम के रूप में देखी जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश