पाटड़ी में जल जीवन मिशन का कार्य ठप, दाे साल से अधूरा पड़ा पानी की टंकी का निर्माण
डूंगरपुर, 07 सितंबर (हि.स.)। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना जल जीवन मिशन के तहत संचालित हर घर नल योजना ग्रामीण अंचलों में प्रशासनिक अनदेखी और ठेकेदारों की लापरवाही की भेंट चढ़ती नज़र आ रही है। जिले के काकरादरा पंचायत के पाटड़ी गांव में पिछले दो वर्षों से पानी की टंकी का निर्माण कार्य अधूरा पड़ा हुआ है। ठेकेदार द्वारा बिना काम पूरा किए ही योजना को अधर में छोड़ दिए जाने से आक्रोशित ग्रामीणों ने अधूरी बनी टंकी के समीप एकत्र होकर ज़ोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों का आरोप है कि केंद्र सरकार की इस योजना का मुख्य उद्देश्य हर ग्रामीण परिवार तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना था, लेकिन जमीनी स्तर पर ठेकेदारों की मनमानी और प्रशासनिक उदासीनता के कारण यह योजना पाटड़ी गांव में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। करोड़ों रुपये के बजट से स्वीकृत इस परियोजना का काम अधूरा छोड़ दिया गया, जिसे ग्रामीण अपने साथ सीधा विश्वासघात मान रहे हैं।
वर्तमान समय में मानसून के सुस्त पड़ने और पर्याप्त बारिश न होने के कारण क्षेत्र में जल संकट का खतरा मंडराने लगा है। आने वाले समय में पानी की भीषण किल्लत को देखते हुए ग्रामीणों ने अधूरी टंकी के निर्माण कार्य को तुरंत प्रभाव से शुरू कर पूरा कराने का प्रस्ताव पारित किया है। ग्रामीणों ने चेताया कि यदि प्रशासन ने समय रहते इस दिशा में त्वरित कार्रवाई नहीं की, तो आने वाले दिनों में उग्र आंदोलन और बड़े स्तर पर प्रदर्शन किया जाएगा। इस विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रशासक ईश्वरलाल कोटेड के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। प्रदर्शन में मुख्य रूप से रामलाल कोटेड, रामचंद्र कोटेड, सुखलाल कोटेड, हरिदास कोटेड, गणपत लाल कोटेड, वीरचंद कटारा, संजय कोटेड, लक्ष्मण शंकर कोटेड, गटू कोटेड, ज्योतिष कोटेड, शंकर कटारा, बंसीलाल कोटेड, सोमा मनात, मगन कोटेड सहित सैकड़ों की संख्या में क्षेत्रवासी शामिल थे। ग्रामीणों ने एक स्वर में प्रशासन से मांग की है कि ठेकेदार के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए टंकी निर्माण जल्द से जल्द पूर्ण कराया जाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष