जैसलमेर में पहली बार मनाया गोडावण दिवस : वनमंत्री को एक साथ दिखे 9 गोडावण
जैसलमेर, 21 मई (हि.स.)। राजस्थान के जैसलमेर में पहली बार 21 मई को 'गोडावण दिवस' मनाया गया। इस अवसर पर डेजर्ट नेशनल पार्क के सुदासरी ब्रीडिंग सेंटर में वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा ने गोडावण की प्रतिमाओं का अनावरण किया। मंत्री ने संरक्षण कार्यों का निरीक्षण किया। साथ ही सफारी के दौरान उन्हें एक साथ 9 गोडावण दिखे, जिसे संरक्षण प्रयासों की बड़ी सफलता माना गया. वर्तमान में जैसलमेर के जंगलों में 130 तथा ब्रीडिंग सेंटर में 87 गोडावण हैं. इस प्रकार गोडावणों की कुल संख्या बढ़कर 217 पहुंच गई है।
विश्व स्तर पर संकटग्रस्त प्रजाति गोडावण (ग्रेट इंडियन बस्टर्ड) के संरक्षण इतिहास में 21 मई का दिन एक नई उपलब्धि के रूप में दर्ज हो गया। प्रदेश में आधिकारिक तौर पर पहली बार 'गोडावण दिवस' मनाया गया। इस अवसर पर जैसलमेर के डेजर्ट नेशनल पार्क (डीएनपी) स्थित सुदासरी ब्रीडिंग सेंटर में राज्य के वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा ने गोडावण की विशेष प्रतिमाओं का अनावरण किया। कार्यक्रम में विधायक छोटू सिंह भाटी, भाजपा जिलाध्यक्ष दलपत सिंह हींगड़ा, वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, वन्यजीव विशेषज्ञ और संरक्षण कार्यों से जुड़े प्रतिनिधि मौजूद रहे।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार मंत्री काे दिखने वाले गाेडवण में इनमें 5 मादा और 4 नर गोडावण शामिल थे। आमतौर पर बेहद शर्मीले स्वभाव के इस पक्षी का एक साथ इतनी संख्या में दिखना संरक्षण प्रयासों की सफलता का सकारात्मक संकेत है।
डीएनपी के डीएफओ बृजमोहन गुप्ता ने बताया कि गोडावण दिवस के आयोजन के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि किसी भी दुर्लभ प्रजाति को बचाने के लिए केवल सरकारी प्रयास पर्याप्त नहीं होते, बल्कि समाज की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है। प्रतिमाओं के अनावरण और जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए लोगों को इस पक्षी के संरक्षण से जोड़ने का प्रयास किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव