मॉरीशस में गूंजेगी जयपुर की सनातन संस्कृति: पांच सदस्यीय विद्वान दल रवाना
जयपुर, 11 अगस्त (हि.स.)। छोटी काशी जयपुर की विद्वत्ता और भारतीय सनातन संस्कृति का संदेश अब मॉरीशस में भी गूंजेगा। मॉरीशस के विश्वनाथ जनता मंदिर सोसाइटी (वीजेएमएस), गुडलैंड्स की ओर से आयोजित श्रावण महोत्सव-2026 में शिव कथा-प्रवचन और रुद्र महायज्ञ के लिए ज्योतिषाचार्य आचार्य डॉ. महेंद्र मिश्रा के नेतृत्व में जयपुर से पांच सदस्यीय विद्वानों का दल बुधवार को मॉरीशस रवाना होगा।
गुडलैंड्स स्थित श्रीविश्वनाथ परिसर में आयोजित महोत्सव में डॉ. मिश्रा व्यासपीठ से शिव कथा पर प्रवचन करेंगे तथा उनके नेतृत्व में श्री रुद्र महायज्ञ संपन्न होगा। इस दौरान भारतीय आध्यात्मिक ज्ञान-विज्ञान, सनातन संस्कार, संस्कृति, धर्म और जीवन मूल्यों पर भी उद्बोधन होंगे। आयोजन में मॉरीशस के प्रधानमंत्री और कई कैबिनेट मंत्रियों के शामिल होकर कथा श्रवण और यज्ञ में आहुतियां देने की संभावना है।
विश्वनाथ जनता मंदिर सोसाइटी पिछले 11 वर्षों से श्रावण महोत्सव आयोजित कर रही है। इसके माध्यम से प्रवासी भारतीयों और स्थानीय लोगों को कथा, यज्ञ, अनुष्ठान व आध्यात्मिक कार्यक्रमों के जरिए भारतीय संस्कृति से जोड़ा जा रहा है।
डॉ. मिश्रा के नेतृत्व में जाने वाले दल में पं. कमलेश शास्त्री, पं. दीपक शास्त्री वृंदावन, आचार्य कमलेश अचलपुरा और पं. सौम्य शास्त्री शामिल हैं। दल महोत्सव के अलावा मॉरीशस में अन्य धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजनों में भी भाग लेगा।
आचार्य डॉ. महेंद्र मिश्रा को वर्ष 2016 में विश्वनाथ जनता मंदिर सोसाइटी, मॉरीशस ने सम्मानित किया था। उन्हें संयुक्त राष्ट्र संघ, मॉरीशस सरकार की टास्क फोर्स, भारत सरकार के मानव संसाधन विकास मंत्रालय और राजस्थान संस्कृत अकादमी सहित विभिन्न संस्थाओं से सम्मान मिल चुका है। उनके प्रमुख सम्मानों में ज्योतिष मार्तंड पं. जगन्नाथ सम्राट ज्योतिष सम्मान, याज्ञिक सम्राट, विवेकानंद गौरव सम्मान, पं. शिवचरण शास्त्री ज्योतिष सम्मान, मां शारदा अवार्ड, श्रीश्री याज्ञिक महासम्मान और श्रीगुरुदेव सेवा सम्मान शामिल हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश