आयरनमैन फ्रांस प्रतियोगिता में जयपुर के राजेंद्र भास्कर ने रचा इतिहास

 


जयपुर, 18 जून (हि.स.)। राजस्थान के वरिष्ठ ट्रायथलीट राजेंद्र भास्कर ने फ्रांस के टूर्स मेट्रोपोल लॉयर वैली में आयोजित प्रतिष्ठित आयरनमैन फ्रांस प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक पूरा कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने 226 किलोमीटर की कठिन चुनौती को 10 घंटे 6 मिनट 31 सेकंड में पूरा कर आयरनमैन का खिताब हासिल किया।

प्रतियोगिता में 90 देशों के खिलाड़ियों ने भाग लिया। राजेंद्र ने 3.8 किलोमीटर तैराकी 1 घंटा 27 मिनट 55 सेकंड, 180 किलोमीटर साइकिलिंग 5 घंटे 18 सेकंड तथा 42.2 किलोमीटर मैराथन दौड़ 3 घंटे 26 मिनट 53 सेकंड में पूरी की। उनका कुल समय 10:06:31 रहा।

राजेंद्र इससे पहले वर्ष 2019 में तुर्की में आयोजित आयरनमैन 70.3 प्रतियोगिता में 4 घंटे 29 मिनट का समय निकालकर राजस्थान के सबसे तेज हाफ आयरनमैन बने थे। वे राष्ट्रीय खेलों में राजस्थान का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं तथा चेन्नई ट्रायथलॉन के विजेता भी रह चुके हैं। वर्तमान में वे राजस्थान के सबसे तेज आयरनमैन और देश के शीर्ष पांच आयरनमैन खिलाड़ियों में शामिल हैं।

खेल उपलब्धियों के अलावा राजेंद्र स्वच्छ ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी सक्रिय रहे हैं। उन्होंने सोलर साइकिल से 7,424 किलोमीटर की यात्रा तथा फ्रांस, स्विट्जरलैंड सहित कई देशों में 3,500 किलोमीटर की साइकिल यात्रा कर जागरूकता का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विश्वविद्यालयों में व्याख्यान भी दिए।

आईआईटी मुंबई से एनर्जी साइंस एंड इंजीनियरिंग में बीटेक एवं एमटेक कर चुके राजेंद्र वर्तमान में हेल्थ टेक क्षेत्र में कार्यरत हैं। उनका अगला लक्ष्य विश्व स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए 10 घंटे की बाधा को तोड़कर और बेहतर प्रदर्शन करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश