आमेर महल के दीवाने आम में सजी जयपुर की 300 साल पुरानी विरासत
जयपुर, 23 नवंबर (हि.स.)। जयपुर स्थापना दिवस और शहर के 300 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में राजस्थान फोटो फेस्टिवल के तहत आयोजित जयपुर हेरिटेज फोटो व पेंटिंग प्रदर्शनी के पांचवें सीजन का सोमवार को आमेर महल के दीवाने आम में शुभारंभ हुआ। पुरातत्त्व एवं संग्रहालय विभाग की सहभागिता से आयोजित इस प्रदर्शनी में गुलाबी नगरी के इतिहास, कला, संस्कृति और गौरवशाली विरासत को फोटोग्राफ्स और पेंटिंग्स के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है।
प्रदर्शनी का उद्घाटन पुरातत्त्व एवं संग्रहालय विभाग के निदेशक डॉ. पंकज धरेन्द्र, आमेर महल अधीक्षक डॉ. राकेश छोलक, जयपुर वृत अधीक्षक नीरज त्रिपाठी और महेश शर्मा ने किया। अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर कलाकारों की रचनात्मकता और कलाकृतियों की सराहना की। इस अवसर पर फेस्टिवल डायरेक्टर संजय कुमावत और क्यूरेटर अदिति अग्रवाल ने अतिथियों का स्वागत किया।
प्रदर्शनी में 50 से अधिक फोटोग्राफर्स और कलाकारों ने अपनी कलाकृतियों के जरिए जयपुर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को जीवंत किया है। यहां ऐतिहासिक स्मारकों, परकोटे वाले शहर, मंदिरों और पुरानी गलियों की तस्वीरों के साथ पुराने और नए जयपुर की खूबसूरती को कैमरे और रंगों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है। पूर्व महाराजा सवाई भवानी सिंह की पुरानी तस्वीरें भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।
जयपुर के 300 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित इस प्रदर्शनी को देखने के लिए आमेर महल पहुंचे देशी-विदेशी पर्यटकों में खास उत्साह नजर आया। पर्यटकों ने तस्वीरों के माध्यम से जयपुर के इतिहास और सांस्कृतिक वैभव को करीब से जाना।
फेस्टिवल की संरक्षक रेणुका कुमावत ने बताया कि जयपुर स्थापना दिवस के अवसर पर आमेर महल में प्रदर्शनी आयोजित करने का उद्देश्य देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों तक शहर की कला, संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत को पहुंचाना है। फोटोग्राफ्स और पेंटिंग्स के माध्यम से जयपुर की खूबसूरती को प्रदर्शित करने के साथ पर्यटन को बढ़ावा देना भी आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश