त्योहारों में जाम से निपटने के लिए जयपुर ट्रैफिक पुलिस बनाएगी दो माह की कार्ययोजना : डीजीपी
जयपुर, 10 अक्टूबर (हि.स.)। त्योहारों और पर्यटन सीजन में राजधानी की सड़कों पर यातायात सुचारू बनाए रखने के लिए जयपुर ट्रैफिक पुलिस अगले दो महीने की कार्ययोजना तैयार करेगी। पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने शनिवार को पुलिस मुख्यालय में यातायात प्रबंधन की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों का मौके पर निरीक्षण कर व्यावहारिक समाधान निकालने और कार्ययोजना की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।
डीजीपी ने कहा कि यातायात सुधार का असर सड़कों पर दिखाई देना चाहिए। पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने के साथ डायवर्जन, पार्किंग और प्रमुख चौराहों पर यातायात प्रबंधन प्रभावी बनाया जाए। अधिकारियों के काम का आकलन फील्ड में किए गए प्रयासों और उनसे मिले परिणामों के आधार पर किया जाए, ताकि आमजन को यातायात व्यवस्था में सुधार का प्रत्यक्ष लाभ मिल सके। उन्होंने सीमित संसाधनों में उपलब्ध पुलिस बल, वाहनों और उपकरणों का बेहतर उपयोग करने पर भी जोर दिया।
डीजीपी ने निर्देश दिए कि यातायात डायवर्जन मौके की स्थिति, वाहनों के दबाव और वैकल्पिक मार्गों को ध्यान में रखकर तैयार किया जाए। एक मार्ग पर यातायात नियंत्रित करने के प्रयास में दूसरे मार्ग पर जाम की स्थिति नहीं बननी चाहिए। प्रमुख चौराहों, बाजारों, पर्यटन स्थलों और व्यस्त मार्गों पर जरूरत के अनुसार पुलिसकर्मियों की तैनाती तथा नियमित निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में ओवरस्पीडिंग, रेड लाइट जंपिंग, गलत दिशा में वाहन चलाने और बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई पर चर्चा हुई। प्रमुख चौराहों पर सड़क चिह्नांकन, संकेतक बोर्ड, सुरक्षित पैदल पार पथ और फ्री-लेफ्ट की व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए। यातायात बाधित करने वाले अस्थायी अतिक्रमणों के खिलाफ भी आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
यातायात प्रबंधन में आईटीएमएस, कैमरा आधारित चालान और स्वचालित नंबर प्लेट पहचान तकनीक (एएनपीआर) का प्रभावी उपयोग करने पर जोर दिया गया। इसके साथ ई-रिक्शा संचालन को व्यवस्थित करने, पार्किंग व्यवस्था सुधारने और बसों के संचालन को सुचारू बनाने पर भी चर्चा हुई। त्योहारों के दौरान बाजारों और पर्यटन स्थलों पर वाहनों की आवाजाही बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में पुलिस महानिदेशक यातायात मालिनी अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक यातायात बीएल मीणा, जयपुर पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल, डीआईजी विकास शर्मा सहित पुलिस उपायुक्त, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त, सहायक पुलिस आयुक्त और यातायात व्यवस्था से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मालिनी अग्रवाल ने प्रमुख मार्गों पर यातायात दबाव का नियमित आकलन करने और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुधारात्मक कार्रवाई करने पर जोर दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश