सांस्कृतिक चेतना को बढ़ावा देने के लिए निफ्ट जोधपुर में स्पिक मैके की ओर से सांस्कृतिक प्रस्तुति
जोधपुर, 08 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (निफ्ट) जोधपुर में सांस्कृतिक चेतना को बढ़ावा देने के लिए स्पिक मैके के तत्वावधान में एक विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुति सत्रिया का आयोजन किया गया। इसमें असम से आई अन्वेसा महानता ने प्रस्तुति दी। इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को भारतीय शास्त्रीय कला और संस्कृति की समृद्ध विरासत से रूबरू होने का अवसर मिला।
निफ्ट जोधपुर के निदेशक प्रो. जीएचएस प्रसाद ने बताया कि संस्थान हमेशा से ही विद्यार्थियों के समग्र विकास और उन्हें भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों से जोडऩे के लिए प्रतिबद्ध रहा है। उन्होंने कहा कि स्पिक मैके के सहयोग से आयोजित इस प्रस्तुति का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी में शास्त्रीय संगीत और कला के प्रति रुचि जगाना तथा उन्हें देश की महान सांस्कृतिक धरोहर से परिचित कराना है। इस अवसर पर आमंत्रित विख्यात कलाकारों ने अपनी उत्कृष्ट और मनमोहक प्रस्तुति से निफ्ट के संकाय सदस्यों, स्टाफ और विद्यार्थियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने कलाकारों से संवाद भी किया, जिससे उन्हें कला की बारीकियों और उसके पीछे की साधना को समझने का अवसर मिला। समारोह में संस्थान के संयुक्त निदेशक डॉ जन्मय सिंह हाडा, फैकल्टी मेंबर्स और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश