जयपुर में 25 अक्टूबर को होगी सवर्ण आक्रोश सभा: दो लाख लोगों के जुटने का दावा
जयपुर, 09 अक्टूबर (हि.स.)। जयपुर के विद्याधर नगर स्टेडियम में 25 अक्टूबर को सवर्ण आक्रोश सभा आयोजित होगी। राष्ट्रीय करणी सेना की ओर से होने वाली इस सभा में देश के विभिन्न राज्यों से सवर्ण समाज सहित सर्व समाज के दो लाख से अधिक लोगों के शामिल होने का दावा किया गया है। सभा में आरक्षण व्यवस्था में सुधार, यूजीसी नियमों की वापसी और सवर्ण आयोग के गठन सहित विभिन्न मुद्दे उठाए जाएंगे।
राष्ट्रीय करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिव सिंह शेखावत ने बताया कि सभा में आरक्षण में सुधार, विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के नियमों की वापसी, गोमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने, एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम में संशोधन, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) की व्यवस्था को सरल बनाने और सवर्ण आयोग के गठन की मांग प्रमुखता से उठाई जाएगी।
सभा की तैयारियों और विभिन्न मांगों पर चर्चा के लिए शुक्रवार को राजपूत सभा भवन में बैठक हुई। इसमें राष्ट्रीय करणी सेना के राष्ट्रीय सचिव कुलदीप सिंह भादवा, महिला राष्ट्रीय अध्यक्ष लक्ष्मी तंवर, अग्रवाल समाज से चंद्र प्रकाश अग्रवाल, खंडेलवाल समाज के अध्यक्ष रमेश जी तुंगा वाला, विप्र समाज के सुनील उदेईया और परशुराम सेना से एडवोकेट अनिल चतुर्वेदी सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
शिव सिंह शेखावत ने बताया कि 25 अक्टूबर की सभा में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रदेशभर में संपर्क सभाएं आयोजित की जा रही हैं। विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों को एक मंच पर लाकर सरकार के सामने मांगें रखने की तैयारी है।
उन्होंने कहा कि संगठन इन मांगों को लेकर सरकार तक अपनी बात पहुंचाएगा। सभा को सवर्ण समाज और सर्व समाज की विभिन्न मांगों के समर्थन में बड़े जनसमूह को एकत्र करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश