रनर्स डे पर जयपुर रनर्स क्लब की मासिक दौड़: 12 वीक चैलेंज के फिनिशर्स का हुआ सम्मान
जयपुर, 11 जुलाई (हि.स.)। रनर्स डे के अवसर पर जयपुर रनर्स क्लब ने शनिवार सुबह यूएफसी जिम, जगतपुरा के सहयोग से मासिक रन का आयोजन किया। इसमें बड़ी संख्या में रनर्स और फिटनेस प्रेमियों ने भाग लेकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान क्लब की ओर से आयोजित 12 वीक चैलेंज सफलतापूर्वक पूरा करने वाले प्रतिभागियों को फिनिशर मेडल देकर सम्मानित किया गया।
जयपुर रनर्स क्लब के सह-संस्थापक मुकेश मिश्रा ने कहा कि 12 वीक चैलेंज का उद्देश्य केवल अधिक किलोमीटर दौड़ना नहीं, बल्कि प्रतिभागियों में अनुशासन, निरंतरता और स्वस्थ जीवनशैली की आदत विकसित करना था। उन्होंने कहा कि प्रत्येक फिनिशर इस बात का प्रमाण है कि मजबूत इच्छाशक्ति और नियमित प्रयास से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
सह-संस्थापक रवि गोयनका ने कहा कि जयपुर रनर्स क्लब वर्षों से शहर में रनिंग कल्चर को नई पहचान दे रहा है। उन्होंने कहा कि यह खुशी की बात है कि आज हजारों लोग इस अभियान से जुड़कर फिटनेस को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना रहे हैं।
क्लब के निवर्तमान अध्यक्ष प्रवीण जैन तिजारिया ने कहा कि क्लब का उद्देश्य केवल रन का आयोजन करना नहीं, बल्कि एक स्वस्थ, सक्रिय और प्रेरणादायक समुदाय का निर्माण करना है। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में क्लब की ओर से और अधिक प्रभावी फिटनेस अभियान तथा सामाजिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
मासिक रन का संचालन ऋषभ दूगर, सचिन भाटिया और राहुल बंसल ने मासिक रन कोऑर्डिनेटर के रूप में किया। वहीं निपुण वाधवा ने 12 वीक चैलेंज के कोऑर्डिनेटर के रूप में पूरे अभियान का सफल नेतृत्व किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश