नव वर्ष स्वागत को तैयार जयपुर: 55 स्थानों पर होगी भव्य महाआरती
जयपुर, 18 मार्च (हि.स.)। जयपुर में हिंदू नव वर्ष (चैत्र प्रतिपदा) को इस बार व्यापक स्तर पर उत्साह और आस्था के साथ मनाने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा संस्थान के तत्वावधान में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अनेक धार्मिक आयोजन होंगे।
संस्थान के प्रदेश सचिव सोमकांत शर्मा ने बताया कि इस वर्ष विशेष अभियान के तहत 11 हजार “धर्म योद्धा” तैयार किए गए हैं। ये धर्म योद्धा शहर की कॉलोनियों, नगरों और बस्तियों में जाकर लोगों को हिंदू नव वर्ष मनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रमों के अंतर्गत चार स्थानों पर गज वंदन, सात स्थानों पर सामूहिक सूर्य वंदन तथा 50 से अधिक स्थानों पर सामूहिक महाआरती आयोजित की जाएगी।
धर्म योद्धाओं की 1100 टोलियां बनाकर उन्हें विभिन्न क्षेत्रों में भेजा गया है। ये टीमें घर-घर जाकर नव संवत्सर के स्टीकर, पत्रक एवं “ॐ” अंकित पताकाएं वितरित कर रही हैं। अब तक करीब 26 हजार मकानों पर पताकाएं लगाई जा चुकी हैं।
गुरुवार को शहर के 11 जोनों के 55 से अधिक मंदिरों में सामूहिक महाआरती का आयोजन होगा। प्रमुख स्थानों में हीरापुरा का रजनी विहार मंदिर, मालवीय नगर केलिगिरी रोड स्थित शिव मंदिर, गोपालपुरा का शांति विहार शिव मंदिर, गोविंद नगर शिव मंदिर तथा भांकरोटा का शिव मंदिर शामिल हैं।
हर मंदिर में 1100 दीपकों से आरती की जाएगी। इस प्रकार कुल मिलाकर 55 हजार से अधिक दीपकों से भव्य महाआरती का दृश्य सजेगा।
हिंदू नव वर्ष के उपलक्ष्य में विभिन्न क्षेत्रों में प्रभात फेरियां भी निकाली जा रही हैं। गुरुवार को हीरापुरा स्थित रजनी विहार में विशेष प्रभात फेरी निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश