नगर निगम ने ''अमृत सेवा अभियान'' के माध्यम से ''स्वच्छता ही सेवा'' का दिया संदेश

 


जयपुर, 25 जून (हि.स.)। निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर नगर निगम जयपुर द्वारा आमजन को राहत पहुंचाने एवं जनसेवा भावना एवं जनकल्याण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शहरभर में अनूठी पहल 'अमृत सेवा अभियान' आयोजित किया गया। जिसके तहत शहरभर में 225 स्टॉल लगाई गई इसके साथ ही निगम मुख्यालय सहित सभी जोनों में भी स्टॉल लगाकर आमजन को शरबत, छाछ, लस्सी, आइसक्रीम आदि का वितरण किया गया। इस अभियान में आमजन, संस्थाओं आदि द्वारा भी स्टॉल्स लगाई गई।

इस अभियान में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को स्टॉल पर स्वच्छता बनाए रखने, कचरे के उचित पृथक्करण करने के लिये भी निर्देश दिए गए। इस अभियान में जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ आमजन का भी भरपूर सहयोग मिला। सुबह 10 बजे से नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन राज्य मंत्री झार्बर सिंह खर्रा नगर निगम जयपुर मुख्यालय से अमृत सेवा अभियान का शुभारंभ किया तथा आमजन को शीतल पेयपदार्थ छाछ, लस्सी, शरबत वितरित किए।

खर्रा ने इस अवसर पर अभियान की प्रशंसा कर कहा कि भारतीय संस्कृति की ''सर्वजन हिताय, सर्वेजन सुखाय:'' की परिकल्पना को नगर निगम ने इस अभियान के माध्यम से साकार किया है। इस अवसर पर संभागीय आयुक्त वे. सरवणे, जिला कलेक्टर संदेश नायक, आयुक्त ओम कसेरा, अतिरिक्त आयुक्त नरेन्द्र कुमार बंसल सहित नगर निगम के अधिकारी मौजूद रहे। मालवीय नगर जोन द्वारा लगाई गई स्टॉल का विधायक कालीचरण सर्राफ द्वारा उद्वघाटन किया गया तथा आमजन को शरबत, लस्सी, छाछ वितरित की। सिविल लाइन जोन विधायक गोपाल शर्मा, हवामहल विधायक बालमुकुन्द आचार्य द्वारा भी अमृत सेवा स्टॉल का शुभारंभ किया गया तथा आमजन को शरबत एवं अन्य शीतल पेयजल पदार्थ वितरित किए गए। नगर निगम आयुक्त एवं अतिरिक्त आयुक्त ने भी स्टॉलों का निरीक्षण किया साथ ही नगर निगम प्रशासन ने आमजन को शहर में स्वच्छता रखने के लिए जागरूक किया। इस अभियान के माध्यम से अमृत सेवा के साथ-साथ स्वच्छता ही सेवा का भी संदेश दिया गया।

आयुक्त सबसे पहले मोती डूंगरी स्थित मालवीय नगर जोन की स्टॉल पर पहुंचे जहां आयुक्त ने आमजन को छाछ, शरबत वितरित की साथ ही सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग ना करने तथा शहर को स्वच्छ रखने के लिए समझाइश भी की। इसके बाद आयुक्त बड़ी चौपड़, गोविद देव जी मंदिर, रेलवे स्टेशन, चौमंू पुलिया, 200 फीट बाइपास, वैशाली नगर जोन स्थित संजय नगर कच्ची बस्ती में भी लगाई गई स्टॉल का निरीक्षण किया गया। अमृत सेवा अभियान बना स्वच्छता की नई मिसाल अमृत सेवा अभियान के तहत शहरभर में 225 से भी अधिक स्टॉल लगाई गई इन स्टॉलों पर 5 लाख से अधिक आमजन, राहगीरों एवं जरूरतमंदों को शरबत, छाछ, लस्सी अन्य पेयपदार्थो का वितरण किया गया। इन सभी स्टॉल की खास बात यह रही कि इतनी भीड़ के बावजूद कहीं भी कचरा नहीं फैला हुआ था, सभी सफाई कर्मचारी अलर्ट मोड पर थे सभी स्टॉलों पर गीले व सूखे कचरे के अलग-अलग डस्टबिन रखे हुए थे जिसमें आमजन कचरे को इधर-उधर ना फेंककर डस्टबिन में ही डाल ही रहे थे। जहां कही भी स्टॉलों पर कचरा दिखाई दिया वहां सफाई कर्मचारियों द्वारा तुरंत प्रभाव से सफाई कर उस स्थान को स्वच्छ किया गया। कच्ची बस्तियों तक पहुंची सेवा की भावना प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जी की जनकल्याण की भावना को साकार करने के उद्देश्य से 5 कच्ची बस्तियों में भी निगम द्वारा विशेष अमृत सेवा स्टॉल लगाई गई। सिंधी पंचायती स्कूल के पास (किशनपोल जोन), जवाहर नगर कच्ची बस्ती, सामुदायिक भवन इंन्द्रा नगर कच्ची बस्ती (जगतपुरा जोन), आलू फैक्ट्री के पीछे कठपुतली नगर (मालवीय नगर जोन) में अमृत सेवा स्टॉल लगाई गई। संजय नगर सहित 5 कच्ची बस्तियों में लगाई गई अमृत सेवा स्टॉल के लिए आमजन ने नगर निगम धन्यवाद दिया। भीषण गर्मी को देखते हुए नागरिकों, राहगीरों एवं जरूरतमंद लोगों को राहत पहुंचाने के लिए शहर के प्रमुख चौराहों, बाजारों, धार्मिक स्थलों एवं सार्वजनिक स्थानों पर सेवा शिविर लगाए गए।

अभियान में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं निगम अधिकारियों-कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। नगर निगम प्रशाासन ने कहा कि निर्जला एकादशी केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि सेवा, परोपकार एवं जनकल्याण का संदेश देने वाला अवसर भी है। निगम द्वारा नागरिक सुविधाओं के विस्तार एवं जरूरतमंदों की सहायता के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश