दीपावली पर जयपुर में सफाई और रोशनी व्यवस्था बढ़ाएगा नगर निगम, 10 हजार नई लाइटें लगेंगी

 


जयपुर, 06 अक्टूबर (हि.स.)। दीपावली को देखते हुए जयपुर शहर में सफाई और प्रकाश व्यवस्था को मजबूत करने की तैयारी की जा रही है। महापौर सुनील कोठारी ने अधिकारियों को प्रमुख बाजारों, मुख्य मार्गों, चौराहों, धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। शहर के प्रमुख क्षेत्रों में रोशनी बढ़ाने के लिए 10 हजार नई लाइटें लगाने की भी तैयारी है।

महापौर ने कहा कि दीपावली के दौरान सफाई व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव को देखते हुए जरूरत के अनुसार अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में नियमित सफाई के साथ कचरे का त्वरित उठाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

नगर निगम दीपावली की तैयारियों को ‘स्वच्छोत्सव’ से जोड़कर विशेष सफाई अभियान भी चलाएगा। इसके तहत प्रमुख बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर अतिरिक्त सफाई, कचरे के त्वरित निस्तारण और दीपावली की सजावट के बाद निकलने वाले अपशिष्ट के उचित प्रबंधन पर जोर रहेगा। लोगों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।

महापौर ने अधिकारियों को दीपावली के दौरान सफाई और प्रकाश व्यवस्था की नियमित निगरानी करने तथा आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त संसाधनों की तैनाती के निर्देश दिए। नगर निगम के अनुसार प्रमुख बाजारों, धार्मिक स्थलों, पर्यटन स्थलों और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश