जयपुर मेट्रो फेज-2 को 13,037 करोड़ की मंजूरी, 41 किमी कॉरिडोर पर 36 स्टेशन बनेंगे

 


जयपुर, 29 अप्रैल (हि.स.)। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय (एमओएचयूए) ने जयपुर मेट्रो फेज-2 परियोजना के लिए 13,037.66 करोड़ रुपये की औपचारिक स्वीकृति जारी कर दी है। मंजूरी के करीब 20 दिन बाद जारी इस आदेश से शहरवासियों को बड़ी सौगात मिली है।

परियोजना के तहत 41 किलोमीटर लंबे उत्तर-दक्षिण कॉरिडोर पर प्रहलादपुरा से टोडी मोड़ तक कुल 36 स्टेशन विकसित किए जाएंगे। जयपुर में सार्वजनिक परिवहन की महत्वपूर्ण कड़ी मानी जा रही यह परियोजना शहर की यातायात व्यवस्था को नया आयाम देगी।

उल्लेखनीय है कि इस परियोजना को 8 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आयोजित केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में मंजूरी प्रदान की गई थी। मंजूरी के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने उच्च स्तरीय बैठक में परियोजना के त्वरित क्रियान्वयन के निर्देश दिए थे। इसके तहत प्रथम चरण में प्रहलादपुरा से पिंजरापोल गौशाला तक 12 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर के लिए शीघ्र कार्यादेश जारी करने की तैयारी की जा रही है। शेष पैकेज के लिए निविदा प्रक्रिया भी जल्द शुरू की जाएगी।

परियोजना का क्रियान्वयन राजस्थान मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा किया जाएगा, जिसमें केंद्र और राज्य सरकार की 50-50 प्रतिशत भागीदारी है। मेट्रो रेल नीति 2017 के अनुसार केंद्र सरकार से 50 प्रतिशत इक्विटी मिलने से राज्य पर वित्तीय भार कम होगा। परियोजना को वर्ष 2031 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके पूर्ण होने पर जयपुर में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था अधिक सुदृढ़ और सुगम होने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश