जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल का 20वां संस्करण 14 से 18 जनवरी तक
जयपुर, 06 अक्टूबर (हि.स.)। जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल का ऐतिहासिक 20 वां संस्करण 14 से 18 जनवरी 2027 तक जयपुर में आयोजित होगा। दो दशक की साहित्यिक यात्रा पूरी करने वाला यह संस्करण साहित्य, विचार, कला और सांस्कृतिक संवाद का विशेष उत्सव होगा। आयोजन राजस्थान सरकार के निरंतर सहयोग से किया जाएगा।
2008 में शुरुआत के बाद जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल लेखकों और पाठकों के सम्मेलन से आगे बढ़कर दुनिया के प्रमुख साहित्यिक मंचों में अपनी पहचान बना चुका है। दो दशकों में फेस्टिवल ने 8 हजार से अधिक लेखकों, वक्ताओं और कलाकारों की मेजबानी की है, जबकि 50 लाख से अधिक दर्शक इससे जुड़ चुके हैं। भारत के अलावा अमेरिका, ब्रिटेन, कनाडा, स्पेन, ऑस्ट्रेलिया, मध्य-पूर्व, मालदीव और आयरलैंड में भी फेस्टिवल ने अपनी अंतरराष्ट्रीय उपस्थिति दर्ज कराई है।
20वें संस्करण की घोषणा “20 वर्ष। विचार। कहानियां। बातचीत।” थीम के साथ की गई है। इस अवसर पर साहित्य, संस्कृति, शिक्षा और कला के क्षेत्र से जुड़े लेखक, चिंतक, कलाकार और विभिन्न क्षेत्रों की आवाजें एक मंच पर आएंगी। फेस्टिवल का उद्देश्य अलग-अलग विषयों, भाषाओं और दृष्टिकोणों के बीच संवाद की परंपरा को आगे बढ़ाना है।
20वीं वर्षगांठ के अवसर पर फेस्टिवल ने अपनी घोषणा भारत की 22 आधिकारिक भाषाओं में एक साथ जारी की है। आयोजकों के अनुसार, यह कदम बहुभाषी कहानी-कथन तथा साहित्य और विचारों तक व्यापक पहुंच सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल की यात्रा में राजस्थान सरकार का निरंतर सहयोग महत्वपूर्ण रहा है। जयपुर इस आयोजन का स्थायी केंद्र बना हुआ है और शहर की साहित्यिक व सांस्कृतिक विरासत ने फेस्टिवल को विशिष्ट पहचान दी है। फेस्टिवल के माध्यम से जयपुर और राजस्थान की साहित्यिक एवं सांस्कृतिक पहचान देश-दुनिया के दर्शकों तक पहुंची है।
14 से 18 जनवरी 2027 तक आयोजित होने वाला 20वां संस्करण दो दशक की इस यात्रा को यादगार बनाने के साथ साहित्य और विचारों के वैश्विक संवाद को नई दिशा देगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश