महापौर सुनील कोठारी का ज्वेलर्स एसोसिएशन ने किया भव्य स्वागत

 


जयपुर, 01 अक्टूबर (हि.स.)। ज्वेलर्स एसोसिएशन, जयपुर के 100 साल के गौरवशाली इतिहास में पहली बार ऐसा अवसर आया है, जब एसोसिएशन की कार्यकारिणी समिति के सदस्य रहे व्यक्ति ने जयपुर के महापौर का पद हासिल किया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर एसोसिएशन की ओर से महापौर सुनील कोठारी का भव्य स्वागत और अभिनंदन किया गया।

एसोसिएशन के अध्यक्ष राजू अग्रवाल मंगोड़ीवाला के नेतृत्व में आयोजित समारोह में एग्जीक्यूटिव कमेटी सहित विभिन्न कमेटियों के पदाधिकारी और सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सभी ने महापौर को पुष्पगुच्छ भेंट कर और माल्यार्पण कर बधाई दी तथा सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

अध्यक्ष राजू अग्रवाल मंगोड़ीवाला ने कहा कि सुनील कोठारी की यह उपलब्धि केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि पूरे ज्वेलर्स एसोसिएशन परिवार के लिए गर्व और सम्मान का विषय है। एसोसिएशन के 100 वर्षों के इतिहास में कार्यकारिणी समिति के सदस्य का जयपुर के महापौर पद तक पहुंचना पूरे ज्वेलरी उद्योग के लिए भी गौरव की बात है।

समारोह में सचिव अजय गोधा, उपाध्यक्ष गोविंद अग्रवाल, कोषाध्यक्ष गोविंद गुप्ता, संयुक्त सचिव महावीर डागा, विजय केडिया, निर्मल बड़दिया सहित विभिन्न कमेटियों के पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में ज्वेलर्स मौजूद रहे। पदाधिकारियों ने महापौर को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में जयपुर शहर विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा।

एसोसिएशन के सदस्यों ने कहा कि सुनील कोठारी का महापौर बनना ज्वेलर्स एसोसिएशन के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण क्षण है। समारोह में एसोसिएशन परिवार की ओर से उनके सफल कार्यकाल और जयपुर के विकास के लिए शुभकामनाएं दी गईं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश