साै दिवसीय कार्ययोजना से बदलेगी जयपुर की सूरत,500 चिन्हित लोकेशन पर विशेष कार्य
जयपुर, 12 अक्टूबर (हि.स.)। गुलाबी नगरी जयपुर को स्वच्छ, सुंदर एवं सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से नगर निगम जयपुर द्वारा 100 दिवसीय विशेष कार्ययोजना के माध्यम से शहर की व्यवस्थाओं में व्यापक सुधार की तैयारी की जा रही है। महापौर सुनील कोठारी एवं आयुक्त ओम कसेरा की अध्यक्षता में सोमवार को बैठक में शहर की स्वच्छता, सौंदर्यीकरण, मुख्य सड़कों की मरम्मत तथा अवैध गतिविधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। कार्ययोजना के तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से कार्य करवाते हुए नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
मुख्य सड़कों की मरम्मत और अवैध गतिविधियों पर होगी कार्रवाई
कार्ययोजना के अंतर्गत शहर की मुख्य सड़कों के मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता देते हुए आवश्यकतानुसार सुधार करवाए जाएंगे। साथ ही अवैध डेयरियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई, आवारा एवं निराश्रित पशुओं को पकड़ने तथा अवैध मीट-मांस की दुकानों को हटाने के लिए संबंधित अधिकारियों को प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। इन प्रयासों का उद्देश्य शहर की स्वच्छता, यातायात व्यवस्था एवं सार्वजनिक स्थलों की स्थिति में सुधार लाना है।
साै दिवसीय कार्ययोजना को परिणामोन्मुख बनाने के लिए शहर में लगभग 500 चिन्हित लोकेशन पर विशेष कार्य करवाने की योजना है। संबंधित जोन के अधिकारियों को क्षेत्रवार लक्ष्य निर्धारित कर कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने की दिशा में कार्य करना होगा। अभियान की सफलता के लिए नियमित मॉनिटरिंग, विभागीय समन्वय एवं कार्यों की प्रगति की समीक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
नगर निगम का लक्ष्य 100 दिवसीय कार्ययोजना के माध्यम से जयपुर को अधिक स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाते हुए नागरिकों को बेहतर शहरी वातावरण उपलब्ध कराना है। बैठक में निर्देश दिये गये कि वार्डवार स्वच्छता उत्सव को समस्त अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं स्वयंसेवी संस्थाओं का सहयोग लेकर और प्रभावी बनाया जाना सुनिश्चित करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश