ग्रीनफिट मैराथन 27 सितंबर को

 


जयपुर, 21 सितंबर (हि.स.)। फिटनेस, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ आधार प्राइम ग्रीनफिट हाफ मैराथन–सीजन 3 का आयोजन 27 सितंबर को विद्याधर नगर स्थित सन एंड मून कॉम्प्लेक्स से किया जाएगा। ग्रीनफिट फाउंडेशन के संस्थापक वीरेंद्र सिंह ने बताया कि इस साल ग्रीनफिट फाउंडेशन द्वारा आयोजित आधार प्राइम ग्रीनफिट हाफ मैराथन पावर्ड बाय खंडेलवाल हार्ट इंस्टीट्यूट एंड को-पावर्ड बाय जीसीएलड्रीम्स में जयपुर नगर निगम की एक अहम सहभागिता है।

‘रन फॉर ग्रीनर अर्थ’ के थीम पर आयोजित इस मैराथन में अब तक 8,500 से अधिक रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं और 10 हजार से अधिक रनर्स के शामिल होने की संभावना है। मैराथन में राजस्थान की उपमुख्यमंत्री, दीया कुमारी मैराथन मुख्य अतिथि और जयपुर सांसद मंजू शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होने की संभावना है। उत्तर-पश्चिमी कमान के वरिष्ठ सैन्य अधिकारी पी.एस. शेखावत; मेंटोर, अजय अग्रवाल; रेस डायरेक्टर - सेवानिवृत्त, लेफ्टिनेंट कर्नल, विजयपाल सिंह और फेस ऑफ द इवेंट, राजेश चौधरी भी आयोजन में शामिल होंगे।

प्रतिभागियों के लिए 21 किमी टाइम्ड हाफ मैराथन, 10 किमी और 5 किमी टाइम्ड रन तथा 3 किमी फन रन की श्रेणियां रखी गई हैं। विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं के लिए ₹2.55 लाख से अधिक की पुरस्कार राशि निर्धारित किए गए है। मैराथन का रिपोर्टिंग और फ्लैग ऑफ 27 सितंबर को सुबह 5:30 बजे होगा। आयोजन में प्रोफेशनल रनर्स के अलावा सेना के जवान, कॉर्पोरेट टीम, स्टूंडेंट्स, वुमन, चिल्ड्रन, सीनियर सिटीजन और रनिंग कम्युनिटी की भागीदारी रहेगी। व्यवस्थाओं के लिए 400 से अधिक वॉलंटियर्स के साथ मेडिकल टीम, फिजियोथेरेपिस्ट, रूट मार्शल और हाइड्रेशन टीम तैनात की जाएगी। पूरे रूट पर पानी, एनर्जी ड्रिंक और मेडिकल सहायता उपलब्ध रहेगी। मैराथन को तीन दिवसीय फिटनेस उत्सव के रूप में आयोजित किया जाएगा जिसमें 25 और 26 सितंबर को बिब एक्सपो, रनिंग किट वितरण और पार्टनर एक्टिवेशन होंगे। प्रतिभागियों को टी-शर्ट, बिब, टाइमिंग चिप सहित आवश्यक सामग्री दी जाएगी।

वीरेंद्र सिंह के अनुसार ग्रीनफिट मैराथन का उद्देश्य लोगों को स्वस्थ जीवनशैली के साथ स्वच्छ और हरित भविष्य के लिए जागरूक करना है। आयोजन स्थल और मैराथन रूट पर स्वच्छता व्यवस्था में जयपुर नगर निगम की सहभागिता रहेगी तथा प्रतिभागियों को स्वास्थ्य, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की सामूहिक शपथ दिलाई जाएगी। ग्रीनफिट मैराथन का पहला सीजन 2024 में करीब 3 हजार प्रतिभागियों के साथ हुआ था। 2025 के दूसरे सीजन में 5 हजार से अधिक प्रतिभागी जुड़े। इस वर्ष बढ़ी भागीदारी के साथ आयोजन को ‘स्वस्थ भारत, हरित भारत, स्वच्छ भारत—एक जन आंदोलन’ के संदेश से जोड़ा गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश