जयपुर के 299वें स्थापना दिवस पर 100 से अधिक रनर्स दौड़कर मनाएंगे शहर का जन्मदिन
जयपुर, 16 नवंबर (हि.स.)। गुलाबी नगरी जयपुर का 299वां स्थापना दिवस फिटनेस,उत्साह और सामूहिक सहभागिता के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर एयू जयपुर मैराथन एवं जयपुर रनर्स क्लब की ओर से 18 नवंबर को ‘हैप्पी बर्थडे जयपुर रन-299’ का आयोजन किया जाएगा। इसमें 100 से अधिक धावक शहर के अलग-अलग स्थानों से जुड़कर दौड़ते हुए जयपुर का जन्मदिन मनाएंगे। आयोजन का मुख्य आकर्षण इनकम टैक्स के एडिशनल कमिश्नर सुशील कुलहरी होंगे। जो 42.195 किलोमीटर की फुल मैराथन पूरी करेंगे।
वर्ष 2020 से शुरू हुई इस विशेष परंपरा के तहत सुशील कुलहरी प्रत्येक वर्ष 18 नवंबर को जयपुर के स्थापना दिवस पर शहर के नाम फुल मैराथन दौड़ते हैं। इस बार भी वे शहर के सात प्रमुख पड़ावों से गुजरते हुए अपनी दौड़ पूरी करेंगे। आयोजन को केवल व्यक्तिगत मैराथन तक सीमित न रखकर शहरव्यापी उत्सव का स्वरूप दिया गया है। इसमें धावक अपनी क्षमता और सुविधानुसार 3, 5, 10 किलोमीटर या इससे अधिक दूरी तक दौड़ सकेंगे। आयोजन की थीम ‘ज्वाइन एनीवेयर, रन एनी डिस्टेंस, सेलिब्रेट टुगेदर’ रखी गई है।
जयपुर मैराथन के सीईओ एवं जयपुर रनर्स क्लब के सह-संस्थापक मुकेश मिश्रा ने कहा कि जयपुर का जन्मदिन हर शहरवासी के लिए गर्व और उत्सव का अवसर है। प्रयास है कि इस दिन प्रत्येक जयपुरवासी किसी न किसी रूप में आयोजन का हिस्सा बने। कोई कुछ किलोमीटर दौड़े, कोई साइकिल चलाए या परिवार के साथ वर्ल्ड ट्रेड पार्क पहुंचकर जन्मदिन का जश्न मनाए। उनका सपना है कि जयपुर के 300वें वर्ष का उत्सव पूरे शहर की भागीदारी के साथ यादगार बने।
आयोजन की शुरुआत 18 नवंबर को सुबह 2:40 बजे हनुमान नगर एक्सटेंशन स्थित भोमिया जी पार्क के नॉर्थ-ईस्ट कॉर्नर से होगी। इसके बाद धावक सुबह 4 बजे श्री गोविंद देवजी मंदिर, 4:40 बजे मोती डूंगरी गणेशजी मंदिर, 5:30 बजे पत्रिका गेट और 6:30 बजे अल्बर्ट हॉल के बैक गेट पहुंचेंगे। इसके बाद सुबह 7:30 बजे पुनः पत्रिका गेट होते हुए सुबह 8 बजे वर्ल्ड ट्रेड पार्क में दौड़ का समापन होगा। निर्धारित पड़ावों पर अन्य धावक भी अपनी सुविधानुसार इस दौड़ से जुड़ सकेंगे।
सुबह 8 बजे वर्ल्ड ट्रेड पार्क में केक कटिंग और सामूहिक जन्मदिन समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, धावकों, रनिंग कम्युनिटी, परिवारों और शहरवासियों को आमंत्रित किया गया है। इसका उद्देश्य जयपुर के स्थापना दिवस को जनभागीदारी के साथ उत्सव के रूप में मनाना है।
इस अवसर पर जयपुर मैराथन एवं जयपुर रनर्स क्लब ने जयपुर के 300वें स्थापना वर्ष के उपलक्ष्य में व्यापक नागरिक सहभागिता अभियान की परिकल्पना भी की है। ‘जयपुर 300 – 300 आयोजन, 300 साल एक जयपुर’ थीम के तहत 18 नवंबर 2026 से 18 नवंबर 2027 तक शहर में 300 विभिन्न गतिविधियां आयोजित करने की योजना है।
इन गतिविधियों में दौड़, फिटनेस कार्यक्रम, विरासत भ्रमण, साइक्लिंग, स्कूल-कॉलेज आयोजन, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य जागरूकता, योग, सांस्कृतिक गतिविधियां और सामाजिक सहभागिता से जुड़े कार्यक्रम शामिल होंगे। वर्ष 2027 में जयपुर के 300 वर्ष पूरे होने पर एयू जयपुर मैराथन की ओर से विशेष भव्य जनभागीदारी आधारित दौड़ समारोह आयोजित करने की भी योजना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश