दीपावली से पहले जयपुर में फायर सेफ्टी जांच तेज, 150 भवन मालिकों को नोटिस

 


जयपुर, 04 अक्टूबर (हि.स.)। दीपावली से पहले जयपुर में पटाखों की अस्थाई दुकानों के लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। इसी के साथ नगर निगम ने पटाखा दुकानों के साथ बाजारों, होटल, रेस्टोरेंट, बार, स्कूल-कॉलेज और अन्य व्यावसायिक भवनों में फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं की जांच तेज कर दी है। फायर सेफ्टी में कमियां मिलने पर भवन मालिकों को नोटिस देने और जरूरत पड़ने पर सीलिंग की कार्रवाई की जाएगी।

नगर निगम की फायर विंग ने अब तक फायर फाइटिंग सिस्टम और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं में खामियां मिलने पर 150 भवन मालिकों को नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में 15 दिन के भीतर कमियां दूर करने और आवश्यक फायर सेफ्टी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। तय समय में व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं करने और नगर निगम से अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) नहीं लेने पर संबंधित भवन के खिलाफ सीलिंग की कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

नगर निगम फायर विंग की डिप्टी कमिश्नर दुर्गा कुमारी ने बताया कि पुरोहितजी का कटला में आग की घटना के बाद वहां सामने आई कमियों और अनियमितताओं को दूर करने की कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही शहर के अन्य संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर भी फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं की जांच तेज की गई है।

उन्होंने बताया कि फायर टीम अलग-अलग क्षेत्रों में निरीक्षण कर रही है। जहां सुरक्षा नियमों की अनदेखी मिल रही है, वहां भवन मालिकों को व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए जा रहे हैं। दीपावली के मद्देनजर पटाखों की दुकानों पर भी फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं की जांच की जाएगी। कमियां मिलने पर नियमानुसार नोटिस या अन्य कार्रवाई की जाएगी।

नगर निगम प्रशासन का फोकस आग की घटनाओं की स्थिति में तत्काल बचाव व्यवस्था उपलब्ध कराने और संभावित नुकसान को कम करने पर है। पटाखों की अस्थाई दुकानों के लिए लाइसेंस जारी होने के साथ ही उनके लिए निर्धारित सुरक्षा मानकों की पालना सुनिश्चित करने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश