चार साल बाद भी चालू नहीं हुआ 3.90 करोड़ का फायर हाइड्रेंट सिस्टम, आग में जला व्यापारियों का सामान
जयपुर, 17 सितंबर (हि.स.)। राजधानी के परकोटा क्षेत्र में करीब चार साल पहले 3.90 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित फायर हाइड्रेंट सिस्टम अब तक पूरी तरह चालू नहीं हो सका है। गुरुवार को पुरोहित जी का कटला में आग लगने के दौरान संकरी गलियों के कारण दमकल वाहनों को मौके तक पहुंचने में परेशानी हुई और व्यापारियों का लाखों रुपये का सामान जल गया।
जयपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के तहत वर्ष 2022 में स्थापित इस सिस्टम का उद्देश्य उन संकरी गलियों में आग लगने पर तत्काल पानी उपलब्ध कराना था, जहां दमकल वाहन नहीं पहुंच पाते। इसके लिए घाटगेट फायर स्टेशन से परकोटे के भीतर करीब सात किलोमीटर लंबी विशेष पाइपलाइन बिछाई गई थी और 30 हाइड्रेंट प्वाइंट बनाए गए थे।
इन हाइड्रेंट प्वाइंट में घाटगेट चौराहा, संजय मार्केट, इंदिरा मार्केट, बापू बाजार, नेहरू बाजार, बड़ी चौपड़, छोटी चौपड़, पुरोहित जी का कटला और किशनपोल बाजार सहित अन्य स्थान शामिल हैं। घाटगेट फायर स्टेशन पर तीन हिस्सों में एक-एक लाख लीटर क्षमता की पानी की टंकियां और पंप हाउस भी बनाया गया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सिस्टम को नगर निगम हेरिटेज को हस्तांतरित किया जाना था। रखरखाव और संचालन को लेकर संबंधित विभागों के बीच समन्वय की कमी की बात सामने आई है। कुछ स्थानों पर पाइप और उपकरण मुख्य जलापूर्ति से जुड़े नहीं होने तथा पानी का पर्याप्त दबाव नहीं होने की भी जानकारी है।
इस संबंध में नगर निगम की फायर डीसी दुर्गा कुमारी ने बताया कि सेठी कॉम्प्लेक्स के पास फायर एनओसी है। हालांकि, उपकरण चालू हालत में थे या नहीं, इस बारे में अभी कुछ नहीं कहा जा सकता।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश