मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता गतिविधियों में जयपुर जिला सम्मानित

 


जयपुर, 10 अक्टूबर (हि.स.)। विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर शनिवार को आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मानसिक स्वास्थ्य माह के तहत उल्लेखनीय गतिविधियां संचालित करने पर जयपुर जिले को सम्मानित किया गया। मिशन निदेशक एनएचएम डॉ. जोगाराम, निदेशक जन स्वास्थ्य डॉ. रवि प्रकाश शर्मा, अतिरिक्त मिशन निदेशक डॉ. टी. शुभमंगला और निदेशक एड्स डॉ. सुशील कुमार परमार ने जिले को मोमेंटो और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया।

सम्मान सीएमएचओ जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत, सीएमएचओ जयपुर द्वितीय डॉ. मनीष मित्तल, जिला नोडल अधिकारी डॉ. गजानंद वर्मा, संजय मित्तल और टीम के अन्य सदस्यों ने ग्रहण किया।

जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम, जयपुर की ओर से 10 सितंबर से 10 अक्टूबर 2026 तक मानसिक स्वास्थ्य माह मनाया गया। इसका उद्देश्य तनाव, चिंता, अवसाद और आत्महत्या जैसी गंभीर समस्याओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उनकी समय पर पहचान और रोकथाम को प्रोत्साहित करना था।

इस दौरान विभिन्न विभागों और संस्थानों के सहयोग से स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता सत्र, पोस्टर एवं नारा लेखन प्रतियोगिताएं, रैलियां, दौड़, कार्यशालाएं, शपथ कार्यक्रम, नाटक, कविता, खुला मंच, प्रश्नोत्तरी और सोशल मीडिया अभियान आयोजित किए गए। इन गतिविधियों के माध्यम से सकारात्मक सोच, भावनात्मक अभिव्यक्ति, आपसी सहयोग और रिश्तों में संवाद बढ़ाने का संदेश दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश