जयपुर डिस्कॉम में अभियंताओं की नियमों पर परीक्षा, उपभोक्ता सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने की पहल

 


जयपुर, 09 मई (हि.स.)। जयपुर सिटी सर्किल के ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस से जुड़े सहायक अभियंताओं और अधिशासी अभियंताओं की विभागीय नियमों, प्रक्रियाओं और परिपत्रों की समझ को परखने के लिए शनिवार को विद्युत भवन में विशेष परीक्षा आयोजित की गई। यह पहल डिस्कॉम्स चेयरमैन आरती डोगरा के निर्देश पर की गई।

इस परीक्षा का मुख्य उद्देश्य फील्ड में कार्यरत अभियंताओं को विभागीय नियमों, समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों और तकनीकी प्रावधानों के प्रति अधिक जागरूक बनाना है, ताकि उपभोक्ताओं को अधिक प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। परीक्षा में जयपुर शहर वृत्त उत्तर और दक्षिण में कार्यरत कुल 44 सहायक अभियंता एवं अधिशासी अभियंता शामिल हुए। लगभग आधे घंटे की इस परख में अभियंताओं से ‘टर्म्स एंड कंडीशंस फॉर सप्लाई’, टैरिफ आदेश, विभागीय स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर, नवीनतम दिशा-निर्देशों, रूफटॉप सोलर परियोजनाओं तथा मीटरिंग से जुड़े तकनीकी और विधिक नियमों पर आधारित प्रश्न पूछे गए।

डिस्कॉम प्रबंधन का मानना है कि बिजली वितरण व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने और उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए अभियंताओं का अद्यतन ज्ञान अत्यंत आवश्यक है। इस पहल से अभियंताओं की कार्यकुशलता बढ़ेगी और विभागीय प्रक्रियाओं के बेहतर क्रियान्वयन में मदद मिलेगी। प्रबंधन के अनुसार भविष्य में भी इस प्रकार की मूल्यांकन प्रक्रियाएं आयोजित की जा सकती हैं, जिससे विभागीय दक्षता और उपभोक्ता संतुष्टि दोनों में सुधार सुनिश्चित हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित