जयपुर डिस्कॉम ने बीएमसी, स्कूल, दुकान और घरों में बिजली चोरी के नौ मामले पकड़े, 8.70 लाख का जुर्माना
जयपुर, 13 अप्रैल (हि.स.)। जयपुर विद्युत वितरण निगम (डिस्कॉम) की सतर्कता शाखा ने बिजली चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बांसखोह एवं दौसा ए-द्वितीय उपखण्ड क्षेत्रों में नौ स्थानों पर विद्युत चोरी के मामले पकड़े हैं। इस कार्रवाई में कुल आठ लाख 70 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (सतर्कता) महेन्द्र कुमार शर्मा ने बताया कि सहायक अभियंता (सतर्कता) उपासना सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की। बांसखोह उपखण्ड क्षेत्र में सबसे बड़ी कार्रवाई बुडला स्थित एक दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति (बीएमसी) में की गई, जहां बिजली चोरी पकड़े जाने पर 3,54,619 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
इसके अलावा हरसोरा की ढाणी और पाटन क्षेत्र के 5 आवासीय परिसरों में भी बिजली चोरी सामने आई, जिन पर कुल 2,89,065 रुपये का जुर्माना किया गया।
सतर्कता दल ने गुमानपुरा स्थित एक स्कूल में बिजली चोरी पकड़ी, जहां 59,978 रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं बस्सी अनाज मंडी के सामने स्थित एक दुकान में चोरी पाए जाने पर 33,510 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
इसी क्रम में दौसा ए-द्वितीय उपखण्ड के ग्राम रजवास में एक आवासीय परिसर में बिजली चोरी का मामला सामने आया, जिस पर 1,33,806 रुपये का जुर्माना किया गया।
डिस्कॉम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिजली चोरी के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि वे विद्युत चोरी से बचें और नियमों का पालन करते हुए वैध कनेक्शन का ही उपयोग करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित