रेवाड़ी से जयपुर वाया नीमराना नई रेल लाइन के फ़ाइनल लोकेशन सर्वे को मिली मंजूरी
जयपुर, 23 मार्च (हि.स.)।
रेलवे द्वारा राजस्थान एवं हरियाणा के महत्वपूर्ण क्षेत्रों रेवाड़ी से जयपुर वाया नीमराना को रेल मार्ग से जोड़ने के लिए नई लाइन के कार्य के लिए फ़ाइनल लोकेशन सर्वे को मंज़ूरी प्रदान की गई है। केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण, इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा राजस्थान एवं हरियाणा में रेल संपर्कों की कड़ी को सुदृढ़ करने के लिए क्षेत्र में रेल संपर्क के लिए विशेष पहल की जा रही है।
इसी कड़ी में महत्त्वपूर्ण क्षेत्र रेवाड़ी से जयपुर वाया नीमराना, 191 किलोमीटर नई लाइन के लिए फ़ाइनल लोकेशन सर्वे को मंज़ूरी प्रदान की गई है। फ़ाइनल लोकेशन सर्वे के कार्य के लिए 5.73 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। यह रेल लाइन रेवाड़ी को नीमराना, जयपुर और आसपास के क्षेत्रों को रेलवे नेटवर्क से जोड़ेगी। साथ ही क्षेत्र का जयपुर की ओर एक नया सम्पर्क स्थापित होगा एवं वैकल्पिक रेल मार्ग उपलब्ध होगा।
यह प्रस्तावित रेल मार्ग इन क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने में निर्णायक भूमिका निभाएगा । इस नई रेल लाइन के निर्माण से नीमराना एवं आस पास के क्षेत्रों में स्थापित औद्योगिक स्थानों तक रेल मार्ग के माध्यम से पहुंच और सुगम होगी। साथ ही रोज़गार, व्यापार, कृषि और स्थानीय उद्योगों के लिए नए परिवहन का विकल्प उपलब्ध होगा।
रेवाड़ी से जयपुर वाया नीमराना, 191 किलोमीटर नई लाइन के लिए फ़ाइनल लोकेशन सर्वे पूरा होने के बाद परियोजना की वित्तीय और तकनीकी व्यवहार्यता के आधार पर विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार कर कार्य स्वीकृत रेलवे बोर्ड स्वीकृति हेतु प्रेषित की जाएगी।
रेलवे द्वारा विभिन्न क्षेत्रों को रेल नेटवर्क से जोड़ने के लिए कार्य किए जा रहे हैं ताकि क्षेत्रवासियों को अधिकाधिक रेल सुविधाएँ प्राप्त हो सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश