जयपुर में संविदा कार्मिकों का उग्र प्रदर्शन: नियमितीकरण की मांग तेज

 


जयपुर, 24 फ़रवरी (हि.स.)। शिक्षा विभाग के संविदा कार्मिक पंचायत शिक्षक और विद्यालय सहायक राज्य बजट से निराश होकर मंगलवार को जयपुर स्थित शहीद स्मारक पर विरोध प्रदर्शन करने पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान कई कार्मिकों ने अर्ध-नग्न होकर सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई और शीघ्र नियमितीकरण की मांग उठाई।

राजस्थान पंचायत शिक्षक विद्यालय सहायक संघ के प्रदेश अध्यक्ष प्रवीण जसरापुर ने बताया कि संघ के आह्वान पर 23 हजार 740 संविदा कार्मिक लंबे समय से अल्प मानदेय पर सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने संविदा रूल्स 2022 के बिंदु संख्या 20 के तहत स्क्रीनिंग कर नियमितीकरण की प्रक्रिया तुरंत शुरू करने की मांग की।

प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ तथा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया गया कि उनकी मांगों को मुख्यमंत्री स्तर तक पहुंचाकर वार्ता कराई जाएगी। धरने को एकीकृत महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष गजेंद्र सिंह राठौड़ सहित विभिन्न जिलों से आए पदाधिकारियों ने संबोधित किया। वक्ताओं ने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि यदि शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को प्रदेशव्यापी रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि समय रहते नियमितीकरण की प्रक्रिया शुरू नहीं होने पर हजारों संविदा कार्मिक आंदोलन की राह अपनाएंगे और आगामी पंचायत चुनावों के बहिष्कार पर भी विचार करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश