संतों का आह्वान : संस्कार, संस्कृति व राष्ट्र की रक्षा जरूरी

 


जोधपुर, 05 नवम्बर (हि.स.)। ऋषिकुल धाम सेवा संस्थान ट्रस्ट की ओर से ऋषिकुलधाम शक्ति नगर गली नंबर चार में दो दिवसीय संत सम्मेलन का आयोजन किया गया।

ऋषिकुलधाम सेवा संस्थान ट्रस्ट के ट्रस्टी भंवरलाल बाहेती ने बताया कि संत सम्मेलन में विभिन्न संतों के साथ महामंडलेश्वर व महन्त भी पधारे। संतों ने संस्कार, संस्कृति और राष्ट्र पर चर्चा की तथा एक स्वर से बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री की दिल्ली से वृंदावन तक की यात्रा का समर्थन किया।

संतों ने कहा कि लोगों में राष्ट्रभक्ति की भावना को जगाना जरूरी है। बागेश्वर पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री से आग्रह किया गया कि वे दिल्ली वृंदावन जैसी एक यात्रा मारवाड़ में भी निकाले जिससे मारवाड़ी संस्कृति देश में अपना परचम लहरा सके, यदि राष्ट्र की रक्षा करनी है तो संस्कार, संस्कृति व राष्ट्र की रक्षा करनी होगी।

एक स्वर से धीरेंद्र शास्त्री का समर्थन सभी महामंडलेश्वर, महन्त एवं धर्माचार्यों ने किया। कार्यक्रम में ट्रस्ट के सचिव सावर प्रकाश सोनी, कोषाध्यक्ष विक्रम सिंह पंवार, सुकांत पांडे, अभिषेक जोशी, भूपत भाई सोनी अहमदाबाद, मंजू सखी, किशोरी राजपुरोहित, रमा राजपुरोहित एवं महिला मंडल की सभी महिलाएं उपस्थित रही।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश