पुष्कर में होली मनाने आए इजरायली पर्यटक युद्ध की खबरों से चिंतित
अजमेर, 02 मार्च (हि.स.)। इजरायल-अमेरिका और ईरान के बीच जारी युद्ध के तनाव का असर अब राजस्थान के धार्मिक पर्यटन स्थल पुष्कर में भी देखने को मिल रहा है। पारंपरिक त्योहार ‘पूरीम’ और होली मनाने यहां पहुंचे इजरायली पर्यटक अपने देश में रह रहे परिवार और रिश्तेदारों की सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं। कई सैलानी लगातार फोन पर अपने परिजनों से संपर्क कर उनका हाल-चाल जान रहे हैं।
इजरायली पर्यटक ईगल, जो अपने देश के किबुत्ज क्षेत्र में रहते हैं, ने भावुक होकर बताया कि उनके पांच बच्चे और 14 पोते-पोतियां इजरायल में हैं। युद्ध की खबर मिलने के बाद वे हर घंटे परिवार से बात कर उनकी सुरक्षा की जानकारी ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह समय उनके परिवार के लिए बेहद कठिन है। वहीं, इजरायल से पुष्कर आई पर्यटक निक्की भी अपने परिवार को लेकर चिंता में हैं। पिछले 24 वर्षों से भारत आ रही निक्की विदेशी महिलाओं के समूह को राजस्थान भ्रमण पर लाती हैं। उन्होंने बताया कि उनका परिवार हाइफा शहर में रहता है और 28 तारीख को समाचारों से युद्ध की जानकारी मिली।
उन्होंने कहा कि भारत में लोगों का सहयोग और सद्भावना उन्हें मानसिक सहारा दे रही है, लेकिन हालात को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।
युद्ध की स्थिति के बीच रविवार शाम पुष्कर में मौजूद विदेशी पर्यटकों ने विश्व शांति के लिए सामूहिक प्रार्थना भी की। इजरायली पर्यटक माइक ने कहा कि वह भारत में होली मनाने को लेकर बेहद उत्साहित थे, लेकिन युद्ध की खबर के बाद अपनों की चिंता बढ़ गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही हालात सामान्य होंगे और शांति स्थापित होगी। मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव का असर पर्यटन कारोबार पर भी पड़ा है।
पुष्कर के वरिष्ठ टूरिस्ट गाइड गिरिराज पाराशर के अनुसार क्षेत्र में फ्लाइट्स कैंसिल होने के कारण इस बार विदेशी पर्यटकों की संख्या कुछ कम रही है और कई नियमित पर्यटकों ने अपनी बुकिंग रद्द कर दी।
हालांकि वैश्विक तनाव के बावजूद पुष्कर में होली का उत्साह बरकरार है। करीब दो हजार से अधिक विदेशी सैलानी यहां पहुंच चुके हैं। ढोल-नगाड़ों की थाप पर भारतीय और विदेशी पर्यटक एक-दूसरे को रंग लगाकर उत्सव का आनंद ले रहे हैं और साथ ही अपने परिवारों की सुख-शांति के लिए प्रार्थना भी कर रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित