दशहरा-दीपावली पर थाईलैंड घूमने का मौका, आईआरसीटीसी का विशेष पैकेज 17 नवंबर से
जयपुर, 06 अक्टूबर (हि.स.)। दशहरा-दीपावली के अवकाश को देखते हुए भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) के जयपुर क्षेत्रीय कार्यालय ने थाईलैंड के लिए विशेष अंतरराष्ट्रीय टूर पैकेज घोषित किया है। “एक्जॉटिक थाईलैंड एक्स जयपुर” नाम से यह यात्रा 17 से 22 नवंबर तक होगी। पैकेज के तहत यात्रियों को जयपुर से थाईलैंड ले जाने और वापस लाने के साथ होटल, भोजन, स्थानीय भ्रमण, गाइड और बीमा जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
आईआरसीटीसी के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक मुकेश सैनी ने बताया कि इस पैकेज के लिए यात्रियों को दिल्ली जाने की जरूरत नहीं होगी। 17 नवंबर की रात जयपुर से एयर एशिया की सीधी उड़ान बैंकॉक के लिए रवाना होगी। यात्रा कार्यक्रम के अनुसार थाईलैंड पहुंचने के बाद पटाया में पर्यटकों को अल्काजार शो दिखाया जाएगा। अगले दिन स्पीड बोट से कोरल आइलैंड का भ्रमण कराया जाएगा। बैंकॉक में रिक्लाइनिंग बुद्धा और गोल्डन बुद्धा मंदिर के साथ चाओ फ्राया नदी पर क्रूज डिनर भी यात्रा कार्यक्रम में शामिल है। परिवार और बच्चों के लिए सफारी वर्ल्ड तथा मरीन पार्क का भ्रमण रखा गया है। यात्रा के अंतिम दिन खरीदारी के लिए पर्यटकों को खाली समय दिया जाएगा।
आईआरसीटीसी के अनुसार बैंकॉक और पटाया में दो-दो रात तीन और चार सितारा श्रेणी के होटलों में ठहरने की व्यवस्था होगी। पैकेज में तीनों समय का भोजन, स्थानीय परिवहन के लिए वातानुकूलित बस, विभिन्न स्थानों के प्रवेश शुल्क, गाइड, बीमा और कर शामिल हैं। शाकाहारी एवं भारतीय भोजन पसंद करने वाले यात्रियों के लिए भारतीय रेस्तरां में भोजन की व्यवस्था की जाएगी।
आईआरसीटीसी के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक मुकेश सैनी ने कहा कि पैकेज में यात्रा से जुड़ी प्रमुख व्यवस्थाएं एक साथ उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है, ताकि परिवारों को अलग-अलग बुकिंग नहीं करनी पड़े।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव