भारतीय शिक्षण मंडल का परिचायक वर्ग 16-17 मई को राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय में

 


अजमेर, 15 मई(हि.स.)। भारतीय शिक्षण मंडल के तत्वाधान में राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय इकाई (चित्तौड़ प्रांत) द्वारा दो दिवसीय “परिचायक वर्ग” का आयोजन 16 एवं 17 मई 2026 को राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय, किशनगढ़, अजमेर में किया जाएगा। कार्यक्रम में शिक्षण, संगठन और भारतीय शिक्षा दर्शन से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा एवं प्रशिक्षण सत्र आयोजित होंगे । वर्ग में राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के आचार्यगण, शोधार्थी और विद्यार्थी सहित 65 से ज्यादा भारतीय शिक्षण मंडल के कार्यकर्ता भाग लेंगे।

कार्यक्रम के वर्गाधिकारी राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलगुरु एवं भारतीय शिक्षण मंडल चित्तौड़ प्रांत के अध्यक्ष प्रो. आनंद भालेराव होंगे। आयोजन में विभिन्न शिक्षाविद् एवं संगठन पदाधिकारी मार्गदर्शन देंगे। कार्यक्रम का शुभारंभ 16 मई शनिवार सायं 6 बजे आगमन एवं पंजीकरण से होगा। प्रथम दिवस पर परिचय सत्र, वर्ग के महत्व पर चर्चा तथा आत्मावलोकन एवं वैचारिक लेखन संबंधी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। रात्रि में दीप निर्वाण के साथ दिन का समापन होगा।

द्वितीय दिवस 17 मई रविवार को प्रातः जागरण, एकात्मता स्त्रोत एवं योग साधना से कार्यक्रम प्रारंभ होगा। इसके बाद भारतीय शिक्षा दर्शन विषय पर डॉ. संजय पाठक (अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख, भारतीय शिक्षण मंडल) का मार्गदर्शन सत्र आयोजित होगा। कार्य, कार्यक्रम, गतिविधि एवं कार्यविभाग विषय पर चित्तौड़ प्रांत, भारतीय शिक्षण मंडल प्रांत सहमंत्री डॉ. जय प्रकाश त्रिपाठी प्रतिभागियों को संबोधित करेंगे।

मध्याह्न सत्र में ध्येय श्लोक, ध्येय वाक्य एवं संगठन गीत का अभ्यास कराया जाएगा। इसके पश्चात, चित्तौड़ प्रांत, भारतीय शिक्षण मंडल के प्रांत उपाध्यक्ष डॉ. अनिल गुप्ता द्वारा उत्सव, कार्यकर्ता विकास, कार्यपद्धति, मंडल संकल्पना एवं अध्ययन समूह विषय पर मार्गदर्शन दिया जाएगा। कार्यक्रम के अंतिम चरण में प्रत्यक्ष मंडल एवं मुक्त चर्चा सत्र आयोजित होंगे, जिनमें प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया जाएगा । आयोजकों के अनुसार इस परिचायक वर्ग का उद्देश्य भारतीय शिक्षा दृष्टि, संगठनात्मक कार्यपद्धति तथा कार्यकर्ता निर्माण के विभिन्न आयामों से प्रतिभागियों को परिचित कराना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष