नशे में धुत कार चालक ने स्कूटी और बाइक को मारी टक्कर: दो युवकों की मौत और तीन घायल
जयपुर, 05 नवंबर (हि.स.)। आमेर घाटी में बुधवार देर रात नशे में धुत कार चालक की लापरवाही ने दो परिवारों की खुशियां उजाड़ दीं। आमेर महल से जलमहल की ओर जा रही तेज रफ्तार कार ने पहले स्कूटी और फिर बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार और बाइक सड़क किनारे खाई में जा गिरीं। हादसे के बाद मौके पर जुटे लोगों ने कार सवार दो युवकों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। कार की तलाशी में बीयर की केन भी मिली हैं। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
एसीपी आमेर प्रतीक सिंह के अनुसार हादसा बुधवार रात करीब 11 बजे आमेर घाटी में मावठा सेल्फी पॉइंट के पास हुआ। भीलवाड़ा निवासी और वर्तमान में सांगानेर में रह रहा अयान (25) कार लेकर आमेर महल से जलमहल की तरफ आ रहा था। आरोप है कि कार चालक नशे में था। उसने सबसे पहले मावठा सेल्फी पॉइंट के पास स्कूटी को टक्कर मारी। स्कूटी पर साहिल (25), तरुण और सोहेल सवार थे। टक्कर के बाद भी चालक ने कार नहीं रोकी और भागने के प्रयास में करीब 50 मीटर आगे मजार के पास बाइक को भी चपेट में ले लिया। बाइक पर शोएबुद्दीन उर्फ शोएब (26) अपने दोस्त कलीमुद्दीन के साथ सवार था। टक्कर के बाद कार और बाइक अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरीं।
हादसे में बाइक सवार शोएब की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर घायल साहिल ने गुरुवार को एसएमएस अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में तरुण, सोहेल और कलीमुद्दीन घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को एसएमएस अस्पताल पहुंचाया गया। पोस्टमार्टम के बाद दोनों मृतकों के शव परिजनों को सौंप दिए गए।
हादसे ने दो परिवारों की खुशियों को मातम में बदल दिया। शोएब की शादी करीब डेढ़ साल पहले हुई थी और चार महीने पहले ही वह पिता बना था। उसके घर में बेटे मोहम्मद हुसैन के जन्म का जश्न समारोह इसी महीने आयोजित करने की तैयारी थी। वह नगीनों का काम करता था और पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा था। हादसे के समय वह दोस्त कलीमुद्दीन के साथ दावत से लौटकर घाटगेट स्थित लोहारों का खुर्रा इलाके में अपने घर जा रहा था।
वहीं साहिल आमेर में मेडिकल शॉप चलाता था। उसके घर में बहन जेबा की 12 नवंबर को शादी होनी थी। परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं। बहन की शादी के बाद साहिल की शादी करने की भी योजना थी, लेकिन हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। साहिल के भाई इरशाद ने आरोप लगाया कि कार सवार दोनों युवक नशे में थे और हादसे के बाद भागने की कोशिश कर रहे थे।
हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। लोगों ने कार सवार अयान और उसके साथी सागर सोलंकी (25) को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। कार की तलाशी में बीयर की केन बरामद हुईं। हादसे के कारण सड़क पर जाम लग गया। पुलिस ने यातायात डायवर्ट कर स्थिति संभाली।
आमेर थानाधिकारी राजेंद्र गोदारा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल भिजवाया। मामले में दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। एसीपी आमेर प्रतीक सिंह भी एसएमएस अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचे और घायलों की स्थिति की जानकारी ली। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें तेज रफ्तार कार बाइक को टक्कर मारती दिखाई दे रही है। पुलिस फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश