अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस पर होगा ‘बाघ संरक्षण-संवाद’
जयपुर, 28 जुलाई (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस के अवसर पर बुधवार को मानसरोवर स्थित दीप स्मृति ऑडिटोरियम में सुबह 8:30 से 10 बजे तक ‘बाघ संरक्षण-संवाद’ का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम जयपुर टाइगर फेस्टिवल के तहत आयोजित किया जा रहा है।
इस संवाद में प्रसिद्ध भारतीय संगीतकार, गायक एवं वन्य जीव संरक्षक अभिषेक रे, सरिस्का टाइगर रिजर्व एवं केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान के पूर्व फील्ड डायरेक्टर सुनयन शर्मा तथा प्रख्यात वन्यजीव फोटोग्राफर आरजू खुराना बाघ संरक्षण और वन्यजीव संरक्षण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार साझा करेंगे।
इसके अलावा इस कार्यक्रम का बीज वक्तव्य एवं संचालन साहित्य अकादमी से सम्मानित साहित्यकार और स्तंभकार डॉ. राजेश कुमार व्यास करेंगे। आयोजन का उद्देश्य बाघ संरक्षण के प्रति जन जागरूकता बढ़ाना तथा वन्यजीव संरक्षण के महत्व पर सार्थक संवाद स्थापित करना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश