इंटरनेशनल गीता ओलिंपियाड पुरस्कार समारोह में विजेताओं को मिलेगा गीता रत्न सम्मान
जयपुर, 23 मई (हि.स.)। गुप्त वृन्दावन धाम द्वारा आयोजित इंटरनेशनल गीता ओलिंपियाड-2026 का भव्य पुरस्कार वितरण समारोह रविवार को आयोजित किया जाएगा। समारोह में देश-विदेश से आए विजेताओं को ‘गीता रत्न’, ‘गीता विभूषण’ और ‘गीता भूषण’ सहित विभिन्न सम्मान प्रदान किए जाएंगे।
आयोजकों के अनुसार इस वैश्विक ऑनलाइन प्रतियोगिता में देश के 24 राज्यों और 161 शहरों सहित विदेशों से कुल 2790 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता की विशेष बात यह रही कि पहली बार इसे पूरी तरह नि शुल्क रखा गया। इस वर्ष प्रतिभागियों को विशेष रूप से श्रीमद्भागवत गीता के अध्याय 13 से 18 तक का अध्ययन करवाया गया।
प्रतियोगिता में जयपुर के डॉ. केवल कृष्ण गुप्ता ने प्रथम स्थान प्राप्त कर 51 हजार रुपए की पुरस्कार राशि सहित ‘गीता रत्न’ सम्मान हासिल किया। वहीं कोटा के यशस्वी श्रृंगी को 21 हजार रुपए की राशि के साथ ‘गीता विभूषण’ सम्मान दिया जाएगा। कोटा की नेहा महावर को 11 हजार रुपए की पुरस्कार राशि के साथ ‘गीता भूषण’ सम्मान प्रदान किया जाएगा।
समारोह में अन्य प्रतिभागियों को ‘गीताश्री’, ‘गीता पुरस्कार’ और मेरिट सर्टिफिकेट्स देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही विजेताओं के लिए जयपुर हेरिटेज एवं देव-दर्शन यात्रा का आयोजन भी किया जाएगा। इस यात्रा के दौरान प्रतिभागियों को जयपुर के प्राचीन मंदिरों, ऐतिहासिक धरोहरों और वृंदावन से पधारे गोविंद देव जी मंदिर सहित सात प्रमुख विग्रहों की परंपरा और इतिहास से अवगत कराया जाएगा।
गुप्त वृन्दावन धाम के अध्यक्ष अमितासना दास ने सभी विजेताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गीता जीवन का आध्यात्मिक प्रकाश है और इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से राज्य स्तर पर शुरू हुआ गीता ओलिंपियाड आज वैश्विक स्वरूप ले चुका है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं को भारतीय संस्कृति, अध्यात्म और सनातन मूल्यों से जोड़ना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश