कला व संस्कृति से विद्यार्थियों का होता है सर्वांगीण विकास: कुलगुरु
कृषि विवि में दो दिवसीय अंतर महाविद्यालय सांस्कृतिक एवं साहित्यिक प्रतियोगिता उमंग-2026 का रंगारंग शुभारंभ
जोधपुर, 27 मार्च (हि.स.)। कृषि विश्वविद्यालय जोधपुर में दो दिवसीय अंतर महाविद्यालय सांस्कृतिक एवं साहित्यिक प्रतियोगिता उमंग-2026 का शुभारंभ शुक्रवार को हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर पीके शर्मा रहे जबकि अध्यक्षता कृषि विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर वीरेंद्र सिंह जैतावत ने की।
इस मौके पर कुलगुरु प्रोफेसर शर्मा ने कहा कि कृषि विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने इस सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से एग्रीकल्चर के साथ कल्चर का भी अद्भुत संयोजन प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि बेहतर सराहनीय है कि आज के डिजिटल दौर में कृषि के विद्यार्थी आज भी अपनी संस्कृति को संजोए हुए हैं और अपनी जड़ों से जुड़े हुए हैं।
प्रोफेसर शर्मा ने कहा ऐसे सांस्कृतिक आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं साथ ही उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं। अध्यक्षीय संबोधन देते हुए कृषि विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर जैतावत ने प्रतिभागियों से कहा कि जीवन केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं होना चाहिए अपितु उसमें कला, संस्कृति व साहित्य का भी सुंदर समायोजन होना चाहिए ताकि विद्यार्थियों का व्यक्तित्व पूर्ण रूप से निखर कर आये। इस दौरान डॉ एसआर कुमावत ने स्वागत उद्बोधन दिया जबकि डॉ जे आर वर्मा ने दो दिवसीय कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की।
समारोह के शुभारंभ में कृषि महाविद्यालय, सुमेरपुर, नागौर, बायतु व जोधपुर सहित इंजीनियरिंग एवं कृषि तकनीकी महाविद्यालय व डेयरी एवं खाद्य प्रौद्योगिकी महाविद्यालय, जोधपुर की ओर से प्रदेश की संस्कृति, कला व कृषि आधारित प्रतिकों का जीवंत प्रदर्शन करते हुए शोभायात्रा निकाली गई। डॉ जेआर वर्मा ने बताया कि दो दिवसीय समारोह में 130 विद्यार्थी भागीदारी निभा रहे हैं जो 5 प्रमुख श्रेणियों की 18 प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। कार्यक्रम के अंत में डॉ. महेंद्र कुमार ने आभार व्यक्त किया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश